Advertisement
16 October 2021

"मेरे पापा चिड़ियाघर के जानवर नहीं...", पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की बेटी क्यों भड़कीं स्वास्थ्य मंत्री मांडविया पर

File Photo

देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पिछले दिनों एम्स में भर्ती कराए गए थे। उन्हें डेंगू की शिकायत है, जिसका इलाज चल रहा है। शुक्रवार को  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया उनका हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। मांडविया ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की। 

वहीं, न्यूज चैनलों पर कुछ वीडियो दिखाए गए, जिनमें मनमोहन सिंह बिस्तर पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं और उनकी पत्नी गुरशरण कौर उनके पास खड़ी हैं। अब इस पर उनकी बेटी दमन सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि उनके माता-पिता कोई चिड़ियाघर के जानवर नहीं है।

दमन सिंह ने अंग्रेज अखबार द टेलीग्राफ से कहा है, "मेरे पेरेंट्स कठिन हालात का सामना करने की कोशिश कर रहे हैं। वे बुजुर्ग लोग हैं। चिड़ियाघर के जानवर नहीं हैं।"

Advertisement

दमन सिंह ने आरोप लगाया है कि फोटो खींचने से मना किया गया था। फिर भी तस्वीर क्लिक की गई। उन्होंने कहा, "मेरे पिता का एम्स में डेंगू का इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम है। हमने संक्रमण के जोखिम के कारण आने वालों पर रोक लगाई है। स्वास्थ्य मंत्री का आना और अपनी चिंता जताना अच्छा लगा।"

आगे उन्होंने कहा है, "हालांकि, मेरे पेरेंट्स उस समय फोटो खिंचवाने की स्थिति में नहीं थे। मेरी मां ने जोर देकर कहा कि फोटोग्राफर को कमरे से बाहर जाना चाहिए, लेकिन उन्हें पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया। इसे लेकर वो बहुत परेशान थीं।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: "My father is not a zoo animal...", former PM Manmohan Singh, Health Minister Mandaviya
OUTLOOK 16 October, 2021
Advertisement