Advertisement
12 March 2018

सपा छोड़ भाजपा में शामिल हुए नरेश अग्रवाल

समाजवादी पार्टी से राज्यसभा सदस्य रहे नरेश अग्रवाल ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की मौजदूगी में दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उऩके साथ नितिन अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल और मधु मिश्रा ने भी भाजपा की सदस्यता हासिल की। गोयल ने इस दौरान गुलदस्ता देकर अग्रवाल का पार्टी में स्वागत किया।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अग्रवाल ने कहा कि मेरी हैसियत फिल्म में काम करने वाली से भी कम कर दी गई, उनके नाम पर हमारा टिकट काटा गया। मैंने इसको भी उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि मैं कोई शर्त पर नहीं आया, कोई राज्यसभा की टिकट की मांग नहीं है।

इस मौके पर पीयूष गोयल ने कहा कि वह अपने मित्र नरेश अग्रवाल और उनकी टीम का भाजपा में स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए जा रहे विकास को सराहा है और साथ चलना स्वीकार किया है।

Advertisement

नरेश अग्रवाल की गिनती समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं में होती थी। उनका भाजपा में शामिल होना पार्टी के लिए झटका माना जा रहा है। समझा जाता है कि वे पार्टी द्वारा खुद की जगह जया बच्चन को राज्यसभा का टिकट देने से नाराज थे।

सपा के नरेश अग्रवाल, किरममय नंदा, जया बच्चन, दर्शन सिंह, मुनव्वर सलीम और आलोक तिवारी का राज्यसभा का कार्यकाल खत्म होने वाला है। सपा के पास उत्तर प्रदेश में 47 विधायक हैं। ऐसे में वह अपने एक ही प्रत्याशी को राज्य सभा भेज सकती है। इसके लिए जया बच्चन का नाम तय किया गया है। यहां जीत के लिए 38 वोटों की जरूरत है। पार्टी बाकी बचे वोट बसपा प्रत्याशी को देगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Naresh, agarwal, sp, bjp, join, piyush
OUTLOOK 12 March, 2018
Advertisement