Advertisement
11 May 2023

लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी: नीतीश कुमार-तेजस्वी ने मुंबई में उद्धव ठाकरे से की मुलाकात

ट्विटर/एएनआई

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने गुरूवार को मुंबई में पूर्व मुख्यमंत्री व शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे के निजी आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। पीटीआई के मुताबिक, इस बैठक को साल 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले विपक्षी एकता को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि जनता दल (यूनाइटेड) के सर्वोच्च नेता नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव फिलहाल उद्धव ठाकरे से मिले हैं। जबकि शाम को दोनों, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार से मिलेंगे। इसमें कोई दोराय नहीं कि लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर तैयारियां तो अभी से ही शुरू हो गई हैं।

साल 2014 को मिलाकर लगातार दो बार केंद्र में सरकार बनाने वाली भारतीय जनता पार्टी को चुनौती देने के लिए कई विपक्षी दल एक साथ आने का आह्वान कर रहे हैं। गठबंधन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी नीतीश कुमार ने अपने कंधों पर ली है। बिहार के मुख्यमंत्री इसी क्रम में कदम बढ़ाते दिख भी रहे हैं।

Advertisement

नीतीश कुमार अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ अपनी टीम को मजबूत करने के लिए विपक्षी नेताओं से मिल रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को भुवनेश्वर में ओडिशा के अपने समकक्ष नवीन पटनायक से मुलाकात की थी। याद दिला दें, कुमार ने पिछले साल भाजपा से नाता तोड़कर और सत्ता छीनकर उन्हें चौंकाया था।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने "एकजुट विपक्ष" के लिए समय समय पर अपनी आवाज़ बुलंद की है। उन्होंने इसी कल्पना को पकड़ते हुए अभी से साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। नीतीश कुमार का मानना है कि "एकजुट विपक्ष" अगले साल के लोकसभा चुनावों में भाजपा को हरा सकता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Nitish Kumar, Tejashwi Yadav, Uddhav Thackeray, Mumbai
OUTLOOK 11 May, 2023
Advertisement