Advertisement
10 September 2021

यूपी चुनाव: मायावती ने मुख्तार अंसारी का काटा टिकट, कहा- 'किसी बाहुबली-माफिया को बसपा नहीं लड़ाएगी चुनाव'

बसपा सुप्रीमो मायावती

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक पार्टियां एक्टिव मूड में आ गई हैं। इस बीच बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने मऊ से बीएसपी विधायक मुख्तार अंसारी का टिकट काट दिया है। इसके साथ ही बीएसपी सुप्रीमो ने ऐलान किया है कि पार्टी किसी माफिया या बाहुबली को यूपी विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं देगी।

 मायावती ने ट्वीट किया है, "बीएसपी का अगामी यूपी विधानसभा आमचुनाव में प्रयास होगा कि किसी भी बाहुबली व माफिया आदि को पार्टी से चुनाव न लड़ाया जाए। इसके मद्देनजर ही आजमगढ़ मण्डल की मऊ विधानसभा सीट से अब मुख्तार अंसारी का नहीं बल्कि यूपी के बीएसपी स्टेट अध्यक्ष श्री भीम राजभर के नाम को फाइनल किया गया है।"

उन्होंने आगे लिखा कि जनता की कसौटी व उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के प्रयासों के तहत ही लिए गए इस निर्णय के फलस्वरूप पार्टी प्रभारियों से अपील है कि वे पार्टी उम्मीदवारों का चयन करते समय इस बात का खास ध्यान रखें ताकि सरकार बनने पर ऐसे तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने में कोई भी दिक्कत न हो।

Advertisement

मायावती ने जोर देकर कहा कि बीएसपी का संकल्प ’कानून द्वारा कानून का राज’ के साथ ही यूपी की तस्वीर को भी अब बदल देने का है ताकि प्रदेश व देश ही नहीं बल्कि बच्चा-बच्चा कहे कि सरकार हो तो बहनजी की ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ जैसी तथा बीएसपी जो कहती है वह करके भी दिखाती है यही पार्टी की सही पहचान भी है।

TAGS: यूपी विधानसभा चुनाव, UP Assembly Elections 2022, मायावती, बहुजन समाज पार्टी, बसपा, मुख्तार अंसारी, Mayawati, Bahujan Samaj Party, BSP, Mukhtar Ansari
OUTLOOK 10 September, 2021
Advertisement