Advertisement
17 July 2021

यूपी दौरे का दूसरा दिन, प्रियंका गांधी ने की पीड़िता महिला उम्मीदवार से मुलाकात, ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई थी अभद्रता

FILE PHOTO

कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। दूसरे दिन प्रियंका गांधी शनिवारको लखीमपुर खीरी पहुंचीं। यहां उन्होंने पसगवां गांव में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान चीरहरण का शिकार हुई अनीता सिंह से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वो चुनाव आयोग को पत्र लिखेंगी और जहां-जहां हिंसा हुई है वहां के ब्लॉक प्रमुख चुनाव को रद्द करने की मांग करेंगी।

प्रियंका गांधी ने यीगी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आठ जुलाई को ब्लॉक प्रमुख के नामांकन के दौरान महिला प्रत्याशी से बदसलूकी की जाती है और पुलिस खड़ी-खड़ी देखती रहती है। जिस अकेले सीओ ने पीड़ितों को बचाने की कोशिश की सरकार ने उसे ही निलंबित कर दिया। बाकी अधिकारी जो खड़े थे उनको कुछ नहीं किया। 

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि लोकतंत्र का चीरहरण करने वाले भाजपा के गुंडे कान खोलकर सुन लें, महिलाएं प्रधान, ब्लॉक प्रमुख, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री बनेंगी और उन पर अत्याचार करने वालों को शह देने वाली सरकार को शिकस्त देंगी। लोकतंत्र में महिलाओं को उनका अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि नामांकन भरने आई महिला की पिटाई करना लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां का ब्लॉक प्रमुख चुनाव रद्द किया जाए। यहां दोबारा चुनाव हो।

Advertisement

वहीं लखनऊ में शुक्रवार को प्रियंका गांधी के मौन धरने को लेकर यूपी पुलिस ने प्राथमिकी  दर्ज की है। हजरतगंज पुलिस ने बगैर सूचना और इजाजत के धरना देने पर यह दर्ज की गई है। कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर हजरतगंज थाने में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, वेदप्रकाश त्रिपाठी, दिलप्रीत सिंह समेत 500 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है। इनके खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान, महामारी एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।

इससे पहले लखनऊ पहुंची प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला किया था। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख चुनाव में हिंसा कराई गई। पुलिस और प्रशासन ने उम्मीदवारों का अपहरण किया। नामांकन करने जा रहे उम्मीदवारों को पुलिस उठाकर ले गई। नामाकंन पत्रों को फाड़ दिया गया। यहां तक कि महिला उम्मीदवारों को भी मारा पीटा गया। प्रशासन वोट के लिए लोगों को धमकी देता रहा. योगी सरकार लोकतंत्र की हत्या के लिए पुलिस प्रशासन समेत हर चीज का इस्तेमाल कर रही है।

बता दें कि लखीमपुर खीरी जिले में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान जिले के पसगवां की रहने वाली अनीता यादव के साथ बदसलूकी हुई थी। सपा उम्मीदवार रितु सिंह ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन भरने करने के दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी महिला प्रस्तावक की साड़ी खींचने की कोशिश भी की थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: UP, tour, Priyanka Gandhi, woman, candidate, block, chief, election
OUTLOOK 17 July, 2021
Advertisement