Advertisement
31 March 2019

‘मैं भी चौकीदार’ कार्यक्रम में बोले पीएम मोदी, देश लूटने वालों की हर प्रॉपर्टी होगी जब्त

ANI

दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में पीएम मोदी 'मैं भी चौकीदार' टाउन हॉल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम करीब 500 जगहों पर मौजूद लोगों से सीधे बात कर रहे हैं। अनुमान है कि स्टेडियम में 5000 लोग मौजूद हैं।

इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि समाज के लिए काम करने वाला हर शख्स चौकीदार है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो कोई चोरी करने वाला नहीं बचेगा। कोई भ्रष्टाचार करने वाला नहीं बचेगा। एक अध्यापक अपना कर्तव्य निभाता है तो विद्यार्थी का भविष्य बादल जाता है। एक पुलिस वाला अपना कर्तव्य निभाता है तो समस्याओं का समाधान अपने आप हो जाता है और उस अर्थ में हमारे देश में मुझे जो सफलता मिली है उसका मूल कारण जन भागीदारी है।

'देश लूटने वालों की हर प्रॉपर्टी होगी जब्त'

Advertisement

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों को जेल के दरवाजे के सामने ला दिया है। कोई जमानत ले रहा है, कोई तारीखें ले रहा है। लोगों को विदेश भागना पड़ रहा है। कुछ लोग बाहर जाकर कहते हैं कि भारत के जेलों की स्थिति बुरी है। तो क्या हम आपको महल में रखेंगे क्या? ईमानदारों को प्रोत्साहित करना हमारी नीति है। जिन्होंने देश को लूटा है, उन्हें पाई-पाई लौटानी पड़ेगी। दुनिया के किसी कोने में उनकी प्रॉपर्टी होगी, वह जब्त होगी। उन्हें देश के कानून की शरण में आना होगा। टैक्स देने वालों की संख्या बढ़ी।

'मिशन शक्ति एक महत्वपूर्ण घटना'

उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति से चुनाव का कोई लेना देना नहीं है। देश के वैज्ञानिकों ने जो कुछ किया है, देश का हर नागरिक उस पर गर्व करेगा। 'मिशन शक्ति' के द्वारा हमारे देश के वैज्ञानिकों ने वह शक्ति हासिल की है। जो हमसे पहले दुनिया के केवल 3 देशों के पास थी। मैंने देश में एक माहौल बनाया है और आगे भी बनाना है कि हमें दुनिया की बराबरी करनी है। हमने बहुत सारा समय भारत पाकिस्तान करने में ही गुजार दिया। अरे वो अपनी मौत मरेगा, उसे छोड़ दो, हमें आगे बढ़ना है। बस इसी पर हमारा ध्यान रहना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि हमने ये किसी दुश्मन देश के लिए नहीं बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए बनाया है और हम आगे भी करेंगे। इसीलिए ये शक्ति मिशन भारत के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण घटना है। क्या हिंदुस्तान को इस बात के लिए इंतजार करना चाहिए था जबकि हमारे वैज्ञानिकों के पास इसे प्राप्त करने की क्षमता है तो किसी को हिम्मत करके इसपर निर्णय करना ही था। हमारे एक बुद्धिमान नेता कहते हैं कि इसे सीक्रेट रखना चाहिए था। जब अमेरिका, चीन और रूस ने डंके कि चोट पर किया तो हम गुपचुप क्यों करें।

'कांग्रेस के झूठ सीजनल'

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के झूठ सीजनल होते हैं। सीजन के हिसाब से वो झूठ बोलते हैं, फिर मैदान में छोड़ते हैं और इनका ईको सिस्टम इसे उठाता है। अगर उनकी बात में सच्चाई होती तो उन्हें बार-बार आंकड़ें बदलने नहीं पड़ते। उन्होंने बिहार में आरक्षण को लेकर झूठ फैलाया।  आरक्षण छोड़ दीजिए, पहली बार बीआर अंबेडकर का सम्मान अगर किसी ने किया है तो वह हमारी सरकार ने किया है। 

'बालाकोट मैंने नहीं जवानों ने किया है'

महाराष्ट्र से एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बालाकोट मैंने नहीं किया बल्कि देश के जवानों ने किया। हमारे सुरक्षाबलों ने किया है। हम सब की तरफ से उन्हें नमन। जहां तक निर्णय का सवाल है आपने देश में ढेर सारे पीएम देखे हैं, आज लाइन थोड़ी लंबी हो गई है। अगर मोदी अपने राजनीतिक भविष्य का सोचता तो मोदी नहीं होता। मेरे लिए देश सबसे ऊपर होता है। सवा सौ करोड़ देशवासी मेरे लिए सबसे ऊपर होते हैं। सालों से हम आतंकवाद से पीड़ित रहे हैं। सबको पता है ये कहां से होता है। मैंने फैसला किया कि ये जहां से कंट्रोल होता है, वहीं खेल खेला जाएगा।

देश को राजा-महाराजाओं की जरूरत नहीं है

उन्होंने कहा कि देश ने इतना समर्थन और विश्वास दिया कि मैंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। आज 2019 के चुनाव में हर कोई मैदान में है। मतदाता बारीकी से देख रहा है। मुझे विश्वास है कि देश की जनता चौकीदार को पसंद करती है। उसे राजा-महाराजाओं की जरूरत नहीं है। चौकीदार के भाव में निरंतर विस्तार होता जा रहा है। 2014 में बीजेपी ने मुझे दायित्व दिया उसके बाद मुझे देश के कोने-कोने में जाने की नौबत आई। तब मैंने देश के लोगों से कहा थी कि आप दिल्ली का दायित्व जो मुझे दे रहे हैं उसका मतलब है कि आप एक चौकीदार बैठा रहे हैं। मैंने तब कहा था कि मेरी ये कोशिश रहेगी कि मैं जनता के पैसे पर पंजा नहीं पड़ने दूंगा। एक चौकीदार के रूप में मैं अपनी जिम्मेदारी निभाऊंगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: PM Narendra Modi, townhall programme, main bhi chowkidar, delhi, talkatora stadium, lok sabha election, Lok sabha elections
OUTLOOK 31 March, 2019
Advertisement