Advertisement
24 October 2019

महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव नतीजों पर कांग्रेस ने कहा, यह भाजपा की नैतिक हार

ANI

महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव नतीजों पर कांग्रेस के आनंद शर्मा ने कहा कि हम जनादेश को विनम्रतापूर्वक और सम्मान से स्वीकार करते हैं। साथ ही कहना चाहते हैं कि भाजपा की नैतिक हार हुई है।गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और उनका पूरा नेतृत्व जमीनी हकीकत से कटा हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा बेशक इन नतीजों को अपनी जीत मान रही हो, लेकिन असल में यह उसकी हार है। अगर भाजपा को लगता है कि यह उनकी जीत है तो उसे जीत के मायने बदलने पड़ेंगे।

'महाराष्ट्र में घटी सीटें'

कांग्रेस नेता ने कहा कि महाराष्ट्र में 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 52 प्रतिशत वोट मिला था, जबकि कांग्रेस को 32 प्रतिशत। आम चुनाव में भाजपा को 203 विधानसभा सीटों पर बढ़त मिली थी। उन्होंने कहा, 'भाजपा ने 240 सीटों के साथ सत्ता में आने का दावा किया था, लेकिन अब उसके गठबंधन को केवल 159 सीटें ही जीत मिली हैं।'

Advertisement

'भाजपा खो चुकी है बहुमत'

उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी आम चुनाव में भाजपा के पास 58 प्रतिशत वोट शेयर था। लेकिन अब स्थिति यह है कि भाजपा राज्य में अपना बहुमत खो चुकी है। यह भाजपा की बड़ी हार है। कांग्रेस और हमारे सीएम उम्मीदवार हुड्डा ने आह्वान किया है कि जो लोग भाजपा की विचारधारा के खिलाफ हैं, उन्हें साथ आना चाहिए। जनता ने यह जनादेश भाजपा के खिलाफ दिया है, इसका सम्मान किया जाना चाहिए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Poll, verdict, Haryana, Maharashtra, moral, defeat, BJP, Congress
OUTLOOK 24 October, 2019
Advertisement