Advertisement
17 April 2016

भाजपा सांसद के अखबार में मोदी की आलोचना, केजरीवाल के कसीदे

भाजपा सांसद के अखबार में मोदी की आलोचना, केजरीवाल के कसीदे | google

इस विशेष संपादकीय में कहा गया है नरेंद्र मोदी से जनता का मोहभंग हो गया है जबकि केजरीवाल की लोकप्रियता बुलंदी पर है। गौरतलब है कि अश्विनी कुमार भाजपा के हरियाणा से लोकसभा सांसद हैं और न सिर्फ मोदी बल्कि पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली और सुषमा स्वराज के भी बेहद करीबी माने जाते हैं। उनके अखबार में ऐसा छपना मोदी के लिए करारा झटका है।

 

अश्विनी कुमार के अखबार पंजाब केसरी में आदित्य चोपड़ा के नाम से छपे संपादकीय में कटाक्ष करते हुए लिखा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता सिर्फ उनके विदेश दौरों के समय ही दिखती है जबकि केजरीवाल ने लोगों से जुड़े मुद्दों पर काम करते हुए अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। यही नहीं आदित्य चोपड़ा यह भी लिखते हैं कि देश में अर्थव्यवस्था की स्थिति खराब है, मंहगाई बढ़ रही है, कारोबारी जगत में निराशा का माहौल है जबकि जनता के बीच केंद्र सरकार की छवि यह बन गई है कि यह सिर्फ उद्योगपतियों का भला सोचने वाली सरकार है।

Advertisement

 

गौरतलब है कि आदित्य चोपड़ा भाजपा सासंद अश्विनी कुमार के बेटे हैं और उनके इस आलेख का इस तरह छपना मोदी पर अश्विनी कुमार के हमले के रुप में ही देख जा रहा है। अरविंद केजरीवाल ने इस आलेख को ट्विट करते हुए आदित्य चोपड़ा नहीं बल्कि अश्विनी कुमार के नाम का ही इस्तेमाल किया है यानी वह भी यही संदेश देना चाहते हैं कि अश्विनी कुमार ने ही मोदी पर हमला किया है। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि अश्विनी कुमार हाल के दिनों में पार्टी नाराज चल रहे हैं और कैबिनेट के कुछ वरिष्ठ मंत्रियों से भी उनकी नाराजगी रही है।

 

TAGS: प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी, पार्टी, आवाज, भाजपा, सांसद, अश्विनी कुमार, अखबार, विशेष संपादकीय, आलोचना, दिल्ली, मुख्यमंत्री, अरविंद केजरीवाल, कसीदे, आदित्य चोपड़ा, पंजाब केसरी
OUTLOOK 17 April, 2016
Advertisement