Advertisement
20 May 2018

गरीबी से उठकर मोदी जी का पीएम बनना कांग्रेस को हजम नहीं हो पा रहा: जावड़ेकर

FILE PHOTO

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विधायकों को ‘‘खरीदने’’ की मंजूरी देने और संस्थाओं का अपमान करने के कांग्रेस अध्यक्ष के अरोप के बाद केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने उन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह ‘‘शैतान के बाइबल पढ़ने’’ जैसा ही है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जावड़ेकर ने यहां पत्रकारों से कहा,‘‘गरीबी से उठकर मोदी जी का प्रधानमंत्री बनना उन्हें (राहुल समेत कांग्रेस नेताओं) हजम नहीं हो पा रहा है। इसलिए कांग्रेस इस तरह के आधारहीन आरोप लगा रही है। यह शैतान के बाइबल पढ़ने जैसा ही है।’’

उन्होंने कहा,‘‘वह (राहुल) एक ऐसे परिवार से आते है जो भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं कर रहा है।’’

Advertisement

बीएस येदियुरप्पा के कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से आज इस्तीफा दिये जाने के तुरन्त बाद दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में राहुल ने ये आरोप लगाये थे।

जावड़ेकर ने इन आरोपों को ‘‘हास्यास्पद’’ बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 122 सीटों से घटकर 78 पर आ गई है और इसलिए यह कांग्रेस के लिए एक हार है।

उन्होंने कहा कि वहीं दूसरी ओर भाजपा की संख्या 40 से बढ़कर 104 हो गई और लोग जानते है कि यह भाजपा की जीत है।

जावड़ेकर ने कांग्रेस - जेडीएस गठबंधन को घोर अवसरवादी करार दिया।

उन्होंने कहा ,‘‘ यह घोर अवसरवादी गठबंधन है। वे चुनाव से पूर्व एक दूसरे पर आरोप - प्रत्यारोप लगा रहे थे। राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा जी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी भी की थी। ’’

उन्होंने कहा कि यह गठबंधन विचारधारा पर आधारित नहीं है और यह चलने वाला नहीं है।

TAGS: Prakash Javadekar, hits out, Rahul Gandhi, attacking, PM Modi
OUTLOOK 20 May, 2018
Advertisement