Advertisement
09 February 2025

कल महाकुंभ जाएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, त्रिवेणी संगम में लगाएंगी पवित्र डुबकी

प्रयागराज महाकुंभ में प्रतिदिन लाखों लोग पहुंचकर त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित तमाम राजनीतिक नेताओं ने भी महाकुंभ में स्नान किया हैं। वहीं, अभिनेत्री हेमा मालिनी और अनुपम खेर, ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल और कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा समेत अन्य हस्तियों ने भी स्नान में भाग लिया। बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी सोमवार 10 फरवरी को संगम पर पवित्र अनुष्ठान में भाग लेने के लिए प्रयागराज आएंगी। इस दौरान संगम स्नान के साथ ही यहां अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रपति मुर्मू सुबह संगम नोज़ पहुंचकर त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगी। मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में राष्ट्रपति आस्था की डुबकी लगाकर सनातन आस्था को मजबूत आधार देंगी। देश की प्रथम नागरिक का संगम में पावन डुबकी लगाने का यह ऐतिहासिक क्षण होगा। बता दें कि इससे पहले भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुम्भ में पावन स्नान किया था।

बता दें कि राष्ट्रपति सुबह 11 बजे प्रयागराज पहुंचेंगी और शाम चार बजे तक यहां रहेंगी। इस दौरान फ्लोटिंग जेटी पर संगम स्नान, पूजन करेंगी। यहां से अक्षयवट दर्शन, पूजन, हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। इसके बाद सेक्टर तीन स्थित यमुना संकुल में राष्ट्रपति भोजन करेंगी। जिसके बाद डिजिटल कुम्भ अनुभूति केंद्र का अवलोकन कर अरैल घाटर ट जाएंगी और फिर हेलीकॉप्टर से बमरौली और वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति की अगुवाई के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ सुबह 10:30 बजे प्रयागराज आ जाएंगे।

Advertisement

सीएम राष्ट्रपति के कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम चार बजे के बाद आईट्रिपलसी में अफसरों के साथ माघी पूर्णिमा की तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे। राष्ट्रपति के आगमन के पूर्व उनके कार्यालय के अफसर शनिवार को प्रयागराज आ गए। उन्होंने उन सभी स्थानों का भ्रमण किया जहां राष्ट्रपति को जाना है। रविवार को फ्लीट रिहर्सल किया जाएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: President Draupadi Murmu, Maha Kumbh, tomorrow, Triveni Sangam
OUTLOOK 09 February, 2025
Advertisement