Advertisement
06 July 2019

मोदी ने की बीजेपी के देशव्यापी सदस्यता अभियान की शुरुआत, समझाया 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था का मतलब

ANI

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का देशव्यापी सदस्यता अभियान आज से शुरू हो गया है। भाजपा 6 जुलाई से 11 अगस्त तक देशव्यापी सदस्यता अभियान चलाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से इस अभियान की शुरुआत की। इसके पहले वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री की 18 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान सीएम योगी भी मौजूद थे। वारणसी को हरा-भरा बनाने के लिए पेड़ लगाकर आनंद कानन अभियान की भी शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने बीजेपी सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इस अभियान की शुरुआत के बाद पीएम मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 5 जुलाई को पेश किए गए बजट में 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था का मतलब समझाया। 

पीएम मोदी ने समझाया 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का मतलब

 

Advertisement

उन्होंने कहा कि आखिर 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य का मतलब क्या है, एक आम भारतीय की जिंदगी का इससे क्या लेना-देना है, ये आपके लिए, सबके लिए जानना बहुत जरूरी है। पीएम मोदी ने कहा, आज जिस लक्ष्य की मैं आपसे बात कर रहा हूं वो आपको नए सिरे से सोचने के लिए मजबूर करेगा, नया लक्ष्य और नया उत्साह भरेगा। नए संकल्प और नए सपने लेकर हम आगे बढ़ेंगे और यही मुश्किलों से मुक्ति का मार्ग है।

'जितना बड़ा केक होगा उसका उतना ही बड़ा हिस्सा लोगों को मिलेगा'

 

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, अंग्रेजी में एक कहावत है कि size of the cake matters, यानि जितना बड़ा केक होगा उसका उतना ही बड़ा हिस्सा लोगों को मिलेगा। अर्थव्यवस्था का लक्ष्य भी जितना बड़ा होगा, देश की समृद्धि उनती ही ज्यादा होगी। उन्होंने कहा कि बात होगी हौंसले की, नई संभावनाओं की, विकास के यज्ञ की, मां भारती की सेवा की और न्यू इंडिया के सपने की। ये सपने बहुत हद तक फाइव ट्रिलियन इकॉनमी के लक्ष्य से जुड़े हुए हैं।

'वो जो सामने मुश्किलों का अंबार है, उसी से तो मेरे हौंसलों की मीनार है'

 

इससे पहले पीएम मोदी ने कहा, "वो जो सामने मुश्किलों का अंबार है, उसी से तो मेरे हौंसलों की मीनार है'। चुनौतियों को देखकर घबराना कैसा। इन्हीं में छिपी संभावना अपार है। विकास के यज्ञ में परिश्रम की महम है। यही तो मां भारती का अनुपम श्रृंगार है। गरीब अमीर बने हिंद की भुजाएं, यहीं तो हिंद की पुकार है, देश पहले भी चला आगे भी बढ़ा अब न्यू इंडिया दौड़ने को बेताब है।"

'5 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी, आखिर इस लक्ष्य का मतलब क्या है'

इस अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं आपसे इस अभियान पर बात करना चाहता हूं। भाइयों कल आपने बजट में एक बात सुनी और पढ़ी होगी। एक शब्द गूंज रहा है, हर कोई बोलना शुरू किया है। 5 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी। आखिर इस लक्ष्य का मतलब क्या है। लोगों का इससे क्या लेना देना है। इसके बारे में जानना जरूर है कि क्योंकि कुछ लोग हैं जो हमारे सामर्थ्य पर शक कर रहे हैं। वो कह रहे हैं कि भारत के लिए यह लक्ष्य पाना मुश्किल है। आशा और निराशा में उलझे लोगों तक अपने भाव पहुंचाना चाहता हूं।

इस अभियान की शुरआत से पहले पीएम मोदी ने किया ये ट्वीट

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्‍वीट कर कहा कि 'हमारी प्रेरणा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू होगा। मैं इस अभियान में काशी में शामिल रहूंगा। यह अभियान समाज के सभी वर्ग के लोगों को भाजपा परिवार से जोड़ेगा। यह अभियान हमारी पार्टी को मजबूत करेगा।

प्रधानमंत्री अपनी यात्रा की शुरुआत बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ की। इसके बाद उनका हरहुआ में पंचकोशी मार्ग के पास पौधाराेपण, बड़ालालपुर में पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल में भाजपा सदस्यता अभियान की शुरुआत की।  इसके बाद मान मंदिर में ‘वर्चुअल म्यूजियम’ देखने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। 

जेपी नड्डा, शिवराज और रामलाल शामिल 

राष्ट्रीय महासचिव ने बताया कि पीएम के साथ भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सदस्यता प्रमुख शिवराज सिंह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, प्रदेश के संगठन महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश के सहप्रभारी सुनील ओझा आदि भाग लिया। 

यूपी में पार्टी के मौजूदा एक करोड़ 80 लाख सदस्य हैं

शुक्रवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व सदस्यता अभियान प्रमुख जेपीएस राठौर ने बताया प्रदेश के सभी जिलों में शुरू हो रहे सदस्यता अभियान के अवसर पर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, मंत्रिमंडल के सदस्य व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। राठौर ने बताया उत्तर प्रदेश में पार्टी के मौजूदा एक करोड़ 80 लाख सदस्य हैं।

सदस्य संख्या में 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी का लक्ष्य

अभियान में पार्टी ने अपनी सदस्य संख्या में कम से कम 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी का लक्ष्य रखा है, लेकिन हम प्रदेश में अपने लक्ष्य से अधिक लोगों को भाजपा का सदस्य बनाएंगे। सदस्यता अभियान 11 अगस्त तक चलेगा। इस अभियान में पार्टी हर बूथ तक पहुंचेगी। पहले दौर में बूथों पर सदस्यता अभियान किया जाएगा। सदस्यता अभियान के तहत कोई भी व्यक्ति मिस्डकाल टोल फ्री नंबर 8980808080 पर मिस्ड कॉल करके भाजपा की सदस्यता ले सकता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Prime Minister, Narendra Modi, launches, BJP's Membership Drive, in Varanasi
OUTLOOK 06 July, 2019
Advertisement