Advertisement
08 May 2019

प्रियंका बोलीं- मैं दिल्ली की लड़की, मोदी जीएसटी-नोटबंदी पर लड़ें चुनाव

ANI

राजधानी दिल्ली में बुधवार को कई दिग्गज नेता जुटे हुए हैं। दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग 12 मई को होगी। सभी पार्टियों ने दिल्ली के चुनाव प्रचार में अपनी सारी ताकत झोंक दी है। दिल्ली कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से प्रत्याशी शीला दीक्षित के लिए चुनाव प्रचार करने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पहुंचीं और उन्होंने रोड शो किया। रोड शो के दौरान उन्होंने खुद को ‘दिल्ली की लड़की’ बताते हुए पीएम मोदी और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, ‘एक दिल्ली की लड़की आपको खुली चुनौती दे रही है। चुनाव के आखिरी दो चरण नोटबंदी पर लड़िए, जीएसटी पर लड़िए, महिलाओं की सुरक्षा पर लड़िए और उन वादों पर लड़िए, जो आपने पूरे देश के नौजवानों से झूठे वादे किए, धोखा दिया उन पर लड़िए।‘

होमवर्क ना करने वाले बच्चों जैसी उनकी स्थिति

Advertisement

उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा, ‘उनकी स्थिति उन बच्चों की तरह हो गई है जो होमवर्क नहीं करते और स्कूल आते हैं। जब टीचर पूछते हैं तो वे कहते हैं, क्या करूं नेहरू जी ने मेरा पर्चा ले लिया। छुपा दिया। मैं क्या करूं इंदिरा जी ने कागज की कश्ती बना दी मेरे होमवर्क की और पानी में डुबो दी।‘ प्रियंका का यह रोड शो दिल्ली के सीलमपुर से यमुना विहार के बीच होगा।

पीएम मोदी ने साधा प्रियंका पर निशाना

इससे पहले हरियाणा के कुरुक्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने प्रियंका गांधी के दुर्योधन वाले बयान को लेकर उन पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा।पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी लोगों की देश प्रेम वाली डिक्शनरी की बात करें तो मुझे गाली देते हुए कई बार मर्यादा तार-तार की गई। इससे पता चलता है कि वे कितने देश प्रेमी हैं। पद की मर्यादा का ख्याल भी उन्हें नहीं रहा।

पीएम ने कहा कि मुझे स्टूपिड कहा गया, जवानों के खून का दलाल तक कहा गया। विपक्षियों की प्रेम की डिक्शनरी से ही मेरे लिए गद्दाफी, मुसोलिनी और हिटलर जैसे शब्द निकले। अगर प्रेम की डिक्शनरी ऐसी होती है, तो मुझे नहीं चाहिए और न ही कभी इसकी चाह करुंगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Priyanka gandhi, delhi girl, pm modi, gst, demonetisation, lok sabha elections 2019
OUTLOOK 08 May, 2019
Advertisement