Advertisement
03 May 2024

केएल शर्मा को अमेठी से टिकट दिए जाने पर प्रियंका गांधी ने दी पहली प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने केएल शर्मा को अमेठी से टिकट दिए जाने पर खुशी जताई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोकसभा चुनाव में यहां से जीत होगी।

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''किशोरी लाल शर्मा से हमारे परिवार का वर्षों का नाता है। अमेठी, रायबरेली के लोगों की सेवा में वे हमेशा मन-प्राण से लगे रहे, उनका जनसेवा का जज्बा अपने आप में एक मिसाल है।

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, ''आज खुशी की बात है कि किशोरी लाल को कांग्रेस ने अमेठी से उम्मीदवार बनाया है. किशोरी लाल की निष्ठा और कर्तव्य के प्रति उनका समर्पण अवश्य ही उन्हें इस चुनाव ने सफलता दिलाएगा, ढेर सारी शुभकामनाएं।''

राहुल गांधी और केएल शर्मा के नामांकन के लिए कांग्रेस के दिग्गज रायबरेली और अमेठी पहुंच रहे हैं। अभी तक प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी पहुंच गईं है। वहीं, कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे हैदराबाद से रवाना हो गए हैं।

बता दें कि कांग्रेस ने शुक्रवार (3 मई) को सस्पेंस को खत्म करते हुए रायबरेली लोकसभा सीट से राहुल गांधी को चुनावी मैदान में उतारने का ऐलान कर दिया। वहीं, अमेठी लोकसभा सीट से किशोरी लाल शर्मा चुनावी मैदान में हैं, यहां केएल शर्मा का मुकाबला बीजेपी की उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से होगा।

 

TAGS: Priyanka Gandhi, first reaction, KL Sharma, ticket from Amethi
OUTLOOK 03 May, 2024
Advertisement