Advertisement
02 March 2021

असम में बोलीं प्रियंका गांधी- कांग्रेस सत्ता में आई तो CAA को निरस्त करने के लिए कानून लाएंगे

ANI

असम विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। असम के तेजपुर में एक रैली में प्रियंका गांधी वाड्रा ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो हम नागरिकता संशोधन कानून नहीं लागू होने देंगे और इसे निरस्त करने के लिए कानून लेकर आएंगे।

प्रियंका गांधी ने कहा, ''हम ऐसा कानून बनायेंगे जिससे सीएए यहां लागू नहीं होगा।'' इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार की ओर से किए गए वादों को याद दिलाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार आपसे किए हुए वादे पूरे नहीं किए। प्रियंका गांधी ने कहा कि हम वादा नहीं कर रहे हैं बल्कि आपको गारंटी दे रहे हैं. ये गारंटी आपके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए हैं। कांग्रेस की सरकार आने पर गृहणियों को प्रति माह 2000 रूपये गृहणी सम्मान राशि के रूप में दी जाएगी।

प्रियंका गांधी ने कहा, ''कांग्रेस की सरकार बनते ही बिजली के 200 यूनिट तक कोई चार्ज नहीं लगेगा जिससे हर महीने 1400 रूपये की बचत होगी। हम चाय के बागान के श्रमिकों को प्रति दिन 365 रूपये का पारिश्रमिक देंगे और युवाओं को 5 लाख रोजगार देंगे। उन्होंने कहा कि यहां के बड़े-बड़े नेता चार्टर प्लेन में घूमते हैं। आजकल चीन और जापान की ग्रीन टी भी पीने लगे हैं, शायद उन्हें असम की कड़क चाय पिलानी पड़ेगी और उन्हें उनकी जगह दिखानी पड़ेगी।

Advertisement

इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा चाय बागान श्रमिकों से मिलीं और उनके साथ चाय की पत्तियां तोड़ीं। उन्होंने कहा,“ चाय बागान के श्रमिक और उनका सादा जीवन सच्चाई का एक उदाहरण है। मैं आपके अधिकारों के लिए लडूंगी और हर मंच पर आपकी आवाज को उठाउंगी।” चाय के बागानों में काम करने वाले श्रमिक असम और देश की संपत्ति हैं। कांग्रेस हमेशा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनका जीवन स्तर सुधारने के लिए लड़ेगी।

असम में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद प्रियंका गांधी राज्य के दो दिवसिय दौरे पर हैं और रैलियों के जरिए बीजेपी पर हमला बोल रही हैं। असम में विधानसभा की 126 सीटों पर तीन चरणों में वोट डाले जाएंगे। पहले चरण के लिए 27 मार्च को वोटिंग होगी। 2 मई को वोटों की गिनती होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 02 March, 2021
Advertisement