Advertisement
06 December 2019

प्रियंका गांधी ने साधा योगी सरकार पर निशाना, कहा- असुरक्षित महसूस कर रही हैं महिलाएं

File Photo

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश पूरे देश में अपराध के मामले में नंबर वन है। उन्नाव में पिछले 11 महीने में 90 बलात्कार की घटनाएं हुईं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रेप के आरोपियों को सरकार बचाने में लगी है। महिलाएं आज असुरक्षित महसूस कर रही हैं, कोई कार्रवाई नहीं की जाती। सरकार को इस पर जिम्मेदारी लेनी होगी।

पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछला हादसा जब उन्नाव में हुआ था उस समय भी सरकार ने अंत समय तक अपराधियों की सुरक्षा की। सोचा जा सकता है कि इन परिस्थितियों में महिला कैसे लड़े। इसके अलावा मैनपुरी और संभल में भी महिलाओं के खिलाफ घटनाएं हुई हैं। फिर उन्नाव की दूसरी घटना में रेप पीड़िता को जला दिया गया। वो भी पूरी हिम्मत से लड़ी।

'कानून को लागू करने की जरूरत है'

Advertisement

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने यहां के सेल बनाना चाहिए जिस पर जिले के एसपी सीधे महिलाओं से जुड़े अपराध के बारे में रिपोर्ट करें और फौरन कार्रवाई हो। प्रियंका गांधी ने कहा, 'कानून बहुत स्पष्ट है, इसे लागू करने की जरूरत है। निर्भया कांड के बाद कानून स्पष्ट बन गया था। फास्ट ट्रैक कोर्ट के भी प्रोविजन थे, लेकिन उन्हें लागू करने की जरुरत है।'

'सत्ता के लिए आगे आएं महिलाएं'

उन्नाव मामले को लेकर उन्होंने कहा कि अगर किसी महिला के साथ अत्याचार होगा और 4 महीने तक एफआईआर तक दर्ज नहीं करेंगे, कोई कार्रवाई नहीं करेंगे, अपराधी को दो महीने में बेल पर छोड़ देंगे। ऐसे में आप कानून व्यवस्था को लागू नहीं कर रहे हैं। हैदराबाद की घटना पर कहा कि कानून के तहत काम होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हम पूरी तरह से महिलाओं के लिए लड़ेंगे। समाज में महिलाओं को सत्ता मिलनी चाहिए। मैं अपनी बहनों से कहती हूं कि आप पुरुषों से सत्ता छीनिए, पंचायत के चुनाव लड़िए, विधानसभा के चुनाव लड़िए, आगे बढ़िए और राजनीति में आइए ताकि जब इस तरह के हादसे हों तो आप अपने आप को बचा सकें।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Priyanka Gandhi, targets, Yogi, government, women, feeling, insecure
OUTLOOK 06 December, 2019
Advertisement