Advertisement
22 October 2019

महिलाओं के खिलाफ अपराध में यूपी का पहले स्थान पर होना शर्मनाक: प्रियंका गांधी

ANI

यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिन के दौरे पर पहुंची पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में राज्य टॉप पर है। यह शर्मनाक है और मुख्यमंत्री को इसके बारे में कुछ करना चाहिए।

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश में रोज हत्याएं हो रही हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं। सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को रायबरेली पहुंचीं। वे यहां पर प्रदेश कार्यकारिणी के लिए आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन करेंगी।

महिलाओं के खिलाफ अपराध में यूपी टॉप पर 

Advertisement

इससे पहले जारी एनसीआरबी के आंकड़ों में कहा गया है कि देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध में लगातार तीसरे साल वृद्धि दर्ज की गई है और पूरे देश में उत्तर प्रदेश टॉप पर है। एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2017 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 3 लाख 59 हजार आठ सौ उनचास मामले दर्ज किए गए हैं। 2015 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 3.29 लाख और 2016 में 3.38 लाख मामले दर्ज किए गए थे। महिलाओं के खिलाफ अपराध के दर्ज मामलों में हत्या, बलात्कार, दहेज हत्या, आत्महत्या के लिए उकसाना, एसिड हमले, महिलाओं के खिलाफ क्रूरता और अपहरण आदि शामिल हैं।

56 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए

महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के सबसे अधिक मामले उत्तर प्रदेश (56,011) में दर्ज किए गए हैं। यूपी के बाद महाराष्ट्र में 31,979 मामले दर्ज किए गए। आंकड़े के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में 30,992, मध्य प्रदेश में 29,778, राजस्थान में 25,993 और असम में 23,082 महिलाओं पर हुए अपराध के मामले दर्ज किए गए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Priyanka Gandhi Vadra, UP, top, crime, against, women, shameful
OUTLOOK 22 October, 2019
Advertisement