गाजियाबाद में प्रियंका गांधी का रोड शो, डॉली शर्मा के लिए मांगेंगी वोट
लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को होना है जिसके चलते चुनाव प्रचार भी जोर पकड़ रहा है। इस कड़ी में शुक्रवार को दिल्ली से सटी उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार डॉली शर्मा के समर्थन में प्रियंका गांधी वाड्रा रोड शो करेंगी। यह रोड शो घंटाघर इलाके से शुरू होगा, जो विभिन्न स्थानों से होकर गुजरेगा।
प्रियंका रोड शो की शुरुआत घंटाघर पर शहीद भगत सिंह की मूर्ति का माल्यार्पण कर करेंगी। फिर अनाज मंडी से चौपाला हनुमान मंदिर जाएंगी। यहां से डासना गेट से जटवाड़ा होते हुए मालीवाड़ा चौक अंबेडकर रोड से पुराना बस अड्डा के सामने वाल्मिकी पार्क पहुचेंगी। यहां से नवयुग मार्केट अंबेडकर मूर्ति का माल्यार्पण करेंगी। फिर यहीं पर जन सभा होगी।
इलाहाबाद से की थी चुनावी अभियान की शुरुआत
प्रियंका ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत इलाहाबाद से की थी। यहां से प्रियंका गांधी ने एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। इसके बाद मां गंगा, कई मंदिरों और मिर्जापुर में इस्माइल चिश्ती की दरगाह पर माथा टेका, विंध्यवासिनी मां के दर्शन किए। फिर प्रियंका वाराणसी पहुंचीं। उन्होंने काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए थे।