Advertisement
31 May 2019

मोदी कैबिनेट में इनका बढ़ा कद, क्या पूरा कर पाएंगे एजेंडा

File Photo

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। मोदी कैबिनेट में अमित शाह को गृह मंत्री बनाया गया है। निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्रालय सौंपा गया है। राजनाथ सिंह रक्षा मंत्रालय संभालेंगे। वहीं, पूर्व विदेश सचिव एस जयशंकर विदेश मंत्री बनाए गए हैं। नितिन गडकरी को सड़क परिवहन, राजमार्ग और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम का प्रभार दिया गया है। स्मृति ईरानी को कपड़ा मंत्रालय के साथ महिला और बाल विकास का प्रभार मिला है। नरेंद्र सिंह तोमर कृषि मंत्री बने हैं। हर्षवर्धन स्वास्थ्य मंत्री और पीयूष गोयल रेल मंत्री होंगे। इन सबके बीच आइए जानते हैं नई मोदी कैबिनेट में उन मंत्रियों के बारे में जिनका प्रमोशन हो गया है यानी जिनका कद बढ़ गया है-

निर्मला सीतारमण

महज 11 साल पहले भाजपा में शामिल होने वाली निर्मला सीतारमण उन नेताओं में से हैं जिनका राजनीतिक कद पार्टी में तेजी से बढ़ा है। देश की पहली रक्षा मंत्री बनने का इतिहास रचने वाली निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को पहली महिला वित्त मंत्री बनने का गौरव भी हासिल किया। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में रक्षा मंत्री के रुप में राफेल मुद्दे पर और वर्ष 2014 में मोदी सरकार बनने से पहले भाजपा प्रवक्ता के तौर पर आक्रामक ढंग से पार्टी का पक्ष रखने में वह सफल रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद देश के रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी संभालने वाली वह दूसरी महिला थीं।

Advertisement

स्मृति ईरानी

मोदी सरकार में स्मृति ईरानी का कद बढ़ गया है। उन्हें इस बार कपड़ा मंत्रालय के साथ-साथ महिला एवं बाल कल्याण विकास मंत्रालय भी दिया गया है। पिछली सरकार में महिला एवं बाल कल्याण विकास मंत्रालय मेनका गांधी के पास था। नरेंद्र मोदी की पहली सरकार में स्मृति ईरानी पहले मानव संसाधन मंत्री रहीं। इसके बाद उन्हें कपड़ा मंत्रालय दिया गया।

गिरिराज सिंह

मोदी कैबिनेट में गिरिराज सिंह का कद बढ़ा है। सिंह को 30 मई को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई, पिछली बार उन्हें राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार का दर्जा मिला था। उनके जिम्मे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय था। लेकिन इस बार उन्हेंस कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।  17वीं लोकसभा चुनाव में बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र से चार लाख 22 हजार मतों के बड़े अंतर से जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय छात्रसंघ (JNUSU) के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को हराकर संसद पहुंचने वाले भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह केंद्र में दोबारा मंत्री बने।   

किरण रिजिजू

पूर्वोत्‍तर में भाजपा का चेहरा किरण रिजिजू को नई सरकार में राज्‍य मंत्री से प्रमोट करके राज्‍य मंत्री स्‍वतंत्र प्रभार बनाया गया है। अरुणाचल पश्चिम लोकसभा सीट से दो बार के संसद सदस्‍य किरण रिजिजू को खेल मंत्री बनाया गया है। किरण को राज्यश मंत्री स्वछतंत्र प्रभार मिलने के साथ-साथ युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय व अल्प संख्यतक कार्य मंत्रायल सौंपा गया है। रिजिजू से पहले खेल मंत्री की जिम्‍मेदारी पूर्व ओलंपियन राज्‍यवर्धन सिंह राठौड़ निभा रहे थे। उन्‍हें इस बार की कैबिनेट में जगह नहीं मिली।

गजेंद्र सिंह शेखावत

गजेंद्र सिंह शेखावत को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया, पिछली बार वे राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार थे। पिछली सरकार में सिंह कृषि राज्यमंत्री थे। उन्हें लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के बेटे वैभव गहलोत को 2.7 लाख वोट से हराने तथा पिछली सरकार में अच्छा काम करने के कारण प्रमोट किया गया है।

महेंद्र नाथ पांडेय

चंदौली से लोकसभा सांसद महेंद्र नाथ पांडेय को इस बार कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। यूपी में पार्टी अध्यक्ष बनने से पहले केंद्र में मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री थे। संघ और भाजपा में अच्छी हैसियत रखने वाले महेंद्र नाथ पांडेय ने पार्टी के एक अनुशासित फौजी के रूप में दोहरी जिम्मेदारी निभाई है। चंदौली में बहैसियत सासंद अपने कर्तव्य पूरे करने के साथ ही वह पार्टी और संगठन के कामों में तालमेल बैठाकर चुनाव प्रचार में जुटे रहे। अब उन्हें उनकी कड़ी मेहनत का इनाम मिला है। 

हर्षवर्धन सिंह

पिछली मोदी सरकार में 2014 में हर्षवर्धन को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय दिया गया था। लेकिन 2017 में उनका मंत्रालय बदलकर उन्हें विज्ञान और प्रोद्योगिकी मंत्रालय दिया गया। उस समय ऐसा माना जा रहा था कि उनका मंत्रालय बदलकर उनका कद छोटा यानी उनका डिमोशन हो गया है। अब उन्हें फिर से स्वास्थ्य मंत्रालय देकर मोदी सरकार ने एक बार फिर उनका कद बढ़ा दिया है। वह दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्री रहने के दौरान पोलियो उन्मूलन योजना की शुरुआत की थी, जिसे बाद में पूरे देश ने अपनाया।

नरेंद्र सिंह तोमर   

मध्यप्रदेश के मुरैना से सांसद नरेंद्र सिंह तोमर को देश का कृषि मंत्री बनाया गया है। उन्हें कृषि मंत्रालय के साथ ग्रामीण विकास और पंचायती राज की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। पहले कार्यकाल के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें जो भी जवाबदारी दी, उसे उन्होंने बखूबी निभाकर मोदी और शाह का भरोसा जीत लिया। यही वजह है कि खान, पंचायती राज, ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय उन्हें सौंपे गए थे।  

30 मई को पीएम मोदी ने मंत्रिमंडल के 57 सहयोगियों के साथ ली थी शपथ

30 मई यानी गुरुवार शाम को 7 बजे पीएम नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमंडल के 57 सहयोगियों के साथ पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। आज यानी शुक्रवार को शाम 5 बजे मोदी कैबिनेट की पहली बैठक भी है। इस दौरान मोदी सरकार कई अहम फैसले ले सकती है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Promotion, these ministers, new Modi cabinet, Nirmala Sitharaman, Sriti Irani, Kiren Rijiju, Mahendra nath Pandey
OUTLOOK 31 May, 2019
Advertisement