Advertisement
27 May 2019

अब पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने दिया पद से इस्तीफा

File Photo

लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद से कांग्रेस में इस्तीफों का दौर जारी है। अब गुरदासपुर लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार सनी देओल के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजा है।

अपने इस्तीफे पर सुनील जाखड़ ने कहा कि गुरदासपुर सीट पर हार के बाद उन्हें पंजाब प्रधान बने रहने का कोई हक नहीं है। उन्हें हर किसी ने समर्थन दिया। नैतिकता के आधार पर अपना इस्तीफा राहुल गांधी को भेजा है।

आठ सीटों पर जीती है कांग्रेस

Advertisement

पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में कांग्रेस ने आठ सीटें हासिल की हैं जबकि दो सीटें अकाली दल और भाजपा को मिली हैं जबकि एक सीट पर आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है।

जाखड़ ने 4 मई 2017 को पंजाब के प्रदेश की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने 2018 में कांग्रेस ने 4 नगर निगम 22 जिला परिषद, नगर पंचायत और नगर कौंसिल का चुनाव जीता। इस बार लोकसभा चुनाव में भी पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया।

जीते थे गुरुदासपुर से लोकसभा उप चुनाव

2012 में पंजाब विधान सभा मे कांग्रेस 44 सीटों पर सिमट गई थी तो पार्टी ने उन्हें नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। जाखड़ ने सत्तारूढ़ अकाली भाजपा को जमकर घेरने का काम किया। 2017 में जब पंजाब में कांग्रेस की लहर थी। जाखड़ अबोहर से अपना चुनाव हार गए। जिसके बाद कांग्रेस ने उन्हें प्रदेश की कमान सौंपी। प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए जाखड़ ने गुरदासपुर से लोकसभा का उप चुनाव जीता, लेकिन इस बार वो भाजपा के सनी देयोल से चुनाव हार गए।

ये भी दे चुके हैं इस्तीफा

इससे पहले झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार, असम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य प्रभारी आरपीएन सिंह को उन्होंने अपना इस्तीफा भेजा है। कांग्रेस ने झारखंड में सिर्फ एक सीट पर जीत हासिल की। जबकि भाजपा ने 11 सीट जीती हैं। झारखंड की 14 सीटों पर महागठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे के तहत कांग्रेस ने सात लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था। इनमें से सिर्फ सिंहभूम की सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा ने जीत दर्ज की।

उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर और महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण भी अपना इस्तीफा राहुल गांधी को भेज चुके हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Punjab, Congress, chief, resigns, losing, election
OUTLOOK 27 May, 2019
Advertisement