Advertisement
20 September 2021

पंजाब: क्या था 'मीटू' का मामला जिसे लेकर घिरे चरणजीत सिंह चन्नी, भाजपा ने उठाए सवाल

चरणजीत सिंह चन्नी के पंजाब सीएम चुने जाने के बाद एक ओर जहां बधाइयों का तांता लगा हुआ है वहीं भारतीय जनता पार्टी ने चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री चुनने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन आरोपों का जिक्र किया है। दरअसल, उनपर साल 2018 में भारतीय प्रशासनिक सेवा की एक अधिकारी को अनुचित संदेश भेजने का आरोप लगा था।

भाजपा नेता और पार्टी के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस ने चरणजीत चन्नी को मुख्यमंत्री पद के लिए चुना, जिन्होंने तीन साल पुराने ‘मीटू’ मामले में कार्रवाई का सामना किया था। उन्होंने कथित तौर पर वर्ष 2018 में एक महिला आईएएस अधिकारी को अनुचित संदेश भेजा था। उस मामले को दबा दिया गया था, मगर पंजाब महिला आयोग द्वारा नोटिस भेजे जाने के बाद मामला फिर से सामने आ गया। बहुत बढ़िया, राहुल।’’

यह मामला इस वर्ष मई में उस वक्त फिर से सामने आया, जब पंजाब महिला आयोग की अध्यक्ष मनीषा गुलाटी ने धमकी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर राज्य सरकार चन्नी द्वारा ‘अनुचित संदेश’ भेजने के मामले पर अपना रुख साफ नहीं करेगी तो वह अनशन पर बैठ जाएंगी। उस समय चन्नी अमरिंदर सरकार में मंत्री थे।

Advertisement

गुलाटी ने कहा था कि उन्होंने सरकार की कार्रवाई रिपोर्ट के लिए मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। मालवीय ने इस साल मई में प्रकाशित खबर भी साझा की है, जिसमें कहा गया है कि निवर्तमान मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर पार्टी के भीतर उपस्थित उनके विरोधियों ने पुराने मामलों को लेकर परेशान करने का आरोप लगाया था।

एक अन्य ट्वीट में भाजपा नेता ने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों में राजस्थान में कांग्रेस ने बाल विवाह को पंजीकृत करने व इसे वैधता देने के लिए एक विधेयक पारित किया और अब मीटू के एक आरोपी को पंजाब का मुख्यमंत्री बना दिया। आइए इंतजार करें राहुल गांधी के महिला सशक्तिकरण पर उपदेश का।’’

साल 2018 में चन्नी पर लगे आरोपों के बाद पंजाब महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए पंजाब सरकार से मामले पर उसका रुख पूछा था। उस वक्त पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने चन्नी को महिला अधिकारी से माफी मांगने को कहा था। उन्होंने कहा था कि उनका मानना है कि इस मामले का समाधान हो गया है।

बता दें कि चन्नी को रविवार को पंजाब कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया और वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। वह अमरिंदर सिंह का स्थान लेंगे, जिन्होंने कांग्रेस की प्रदेश इकाई में खींचतान के कारण शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।



अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: पंजाब, चरणजीत सिंह चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब कांग्रेस, Punjab, Charanjit Singh Channi, Captain Amarinder Singh, Punjab Congress, दलित, दलित मुख्यमंत्री, मीटू, भाजपा, MeToo, BJP
OUTLOOK 20 September, 2021
Advertisement