Advertisement
03 July 2021

4 महीने में उत्तराखंड को मिला तीसरा मुख्यमंत्री: नए सीएम होंगे पुष्कर सिंह धामी, रविवार को लेंगे शपथ

चार महीने के भीतर उत्तराखंड को फिर से नया मुख्यमंत्री मिला है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दलों की बैठक हुई, जिसमें पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मुहर लग गई है। अब नए मुख्यमंत्री धामी होंगे। राज्य में विधानसभा चुनाव अगले आठ महीने बाद होने हैं, इससे पहले नए सीएम के तौर पर धामी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुष्कर सिंह धामी खटीमा से विधायक हैं।

उत्तराखंड राज्यपाल कार्यालय ने जानकारी दी है कि पुष्कर सिंह धामी कल शाम 6 बजे राजभवन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ उत्तराखंड के नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री भी लेंगे शपथ। वहीं, नाम के ऐलान के बाद धामी ने कहा है, "मैं संकल्प लेता हूं कि उत्तराखंड के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक हमारी सरकार और सेवाएं पहुंचेंगी। जहां दुनिया के दूसरे देश अपनी प्रयोगशालाओं में कोरोना का निर्माण कर रहे हैं और वहीं हम विश्व बंधुत्व की भावना से दुनिया के दूसरे देशों को भी वैक्सीन दे रहे हैं।"

शुक्रवार की शाम को सीएम तीरथ सिंह रावत ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा था। सियासी पिच पर महज चार महीने हीं वो राज्य के मुख्यमंत्री रह पाए हैं। तीरथ सिंह रावत ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की जगह ली थी। तीरथ सिंह रावत ने इस्तीफा देने को लेकर कहा कि उन्हें छह महीने के भीतर विधानसभा का सदस्य बनना था और अब विधानसभा चुनाव में सिर्फ आठ महीने बचे हैं। इसलिए वो अपना इस्तीफा दे रहे  हैं। हालांकि, उनकी कार्यशैली और बयान को लेकर लगातार वो सवालों के घेरे में थे।

Advertisement

 

TAGS: Pushkar Singh Dhami, Uttarakhand BJP legislature
OUTLOOK 03 July, 2021
Advertisement