Advertisement
26 February 2018

वार-पलटवार की बीच मंदिरों की शरण में राहुल और शाह

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव तो इस साल अप्रैल-मई में होने हैं पर राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस और सत्ता पाने के प्रयासों में जुटी भाजपा ने अभी से ही ऐसे प्रयास तेज कर दिए हैं जिससे मतदाताओं के एक बड़े वर्ग को अपनी ओर खींचा जा सके। ऐसे में दोनों दलों के बड़े नेता कटाक्ष करने, आरोप लगाने और वोटरों से सीधा रिश्ता जोड़ने के सारे उपाय कर रहे हैं।

आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह कर्नाटक में थे। दोनों ने एक-दूसरे पर काफी वार-पलटवार किए, जमकर आरोप लगाए। लेकिन दोनों ने राज्य के दौरे में एक समानता दिखी। यह समानता थी दोनों का मंदिरों में जाना। राहुल के साथ राज्य के मुख्यमत्री सिद्दरमैया साथ थे तो शाह के साथ भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए घोषित प्रत्याशी बीएस येदियुरप्पा।


Advertisement

यह सही है कि मंदिर में जाना हर व्यक्ति के लिए निजी मामला है। लेकिन जब कोई राजनेता दल-बल के साथ यहां पहुंचता है तो उसके कुछ अलग मायने भी होते हैं। पहला तो यह कि वह यहां पूजा-पाठ करता है और खुद तथा अपनी पार्टी की सफलता की दुआ भी मांगता है। दूसरा मायने है वोटरों को लुभाना है। राहुल और शाह आज ऐसा ही करते दिखे।

पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बात। उन्होंने रामदुर्ग के गोडची मंदिर में पूजा की। यहां उन्होंने भगवान वीरभद्र के दर्शन किए। यह मंदिर विजयनगर शैली का बना हुआ है। इसके गर्भगृह में भगवान वीरभद्र की प्रतिमा है। इस मंदिर में विवाह भी होता है। यूं तो, यहां रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं पर पूर्णिमा और अमावस्या को यह संख्या बढ़ जाती है।

इसके बाद राहुल गांधी बेलागावी के सौंदत्ती येलम्मा मंदिर पहुंचे। उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री सिद्दरैमया भी थे। इन दोनों ने यहां पहले पूजा की फिर वहां लगे पारंपरिक ड्रम को भी बजाया। ऐसा करना इस बात की ओर इंगित करता है कि कांग्रेस प्रमुख मंदिर से जुड़ी मान्यताओं को पूरा सम्मान दे रहे हैं। पर ऐसा कर वहां मौजूद लोगों को अपनी ओर रिझाना भी था। इससे पहले भी राज्य के दौरे पर आए कांग्रेस प्रमुख कई धार्मिक स्थलों पर जा चुके हैं।


अब बात करें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की। वह रविवार से राज्य के दौरे पर हैं। आज उन्होंने कलबुर्गी के श्री क्षेत्र मलखेडा मंदिर में पूजा की। उनके साथ पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री पद के घोषित प्रत्याशी बीएस येदियुरप्पा भी थे। यहां आने के बाद शाह ने फोटो सहित ट्वीट कर मंदिर में पूजा करने की बात कही।


इससे पहले रविवार को अमित शाह बीदर रेकुलगी स्थित बौद्ध विहार गए थे। यहां उन्होंने भगवान बुद्ध और बाबा साहब आंबेडकर को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने भगवान बुद्ध से कर्नाटक के लिए शांति और समृद्धि की दुआ मांगी।


भाजपा अध्यक्ष ने बीदर के ही ऐतिहासिक गुरुद्वारा नानक झीरा साहिब में भी मत्था टेका। हुम्नाबाद के श्री वीरभद्रेश्व मंदिर जा कर भी उन्होंने पूजा अर्चना की।

कांग्रेस प्रमुख ने हाल ही में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में कई मंदिरों और मठों का दौरा किया था। यह अलग बात है कि राज्य में कांग्रेस सरकार नहीं बना पा मगर जिन इलाकों के मंदिरों में राहुल का जाना हुआ था वहां कांग्रेस को काफी फायदा हुआ था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul, Gandhi, amit, sah, congress, bjp, karnatka, temple
OUTLOOK 26 February, 2018
Advertisement