Advertisement
14 February 2019

2019 में भाजपा को नफरत से नहीं बल्कि प्यार से हराएंगे: राहुल गांधी

FILE PHOTO

राजस्थान में कांग्रेस सेवादल के महाधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश में विचारधारा की लड़ाई है जिसमें एक तरफ आरएसएस और भाजपा तथा दूसरी ओर कांग्रेस की विचारधारा है। वे नफरत फैलाते हैं। वे सुबह उठकर हाफ पैंट पहनकर लाठी उठाते हैं और हम देश को जोड़ने का काम करते हैं। हम प्यार और मोहब्बत से काम करते हैं, ये बुनियादी फर्क है।

राहुल गांधी ने कहा कि वह 2019 में भाजपा को नफरत से नहीं बल्कि प्यार से हराएंगे। उन्हें मिटाएंगे नहीं। उन्होंने कहा, 'मोदी जी बड़े-बड़े भाषण देते हैं कि देश को बदलना है। 70 साल में कुछ नहीं हुआ। मतलब गांधीजी ने कुछ नहीं किया, सरदार पटेल ने कुछ नहीं किया, जवाहर लाल नेहरू, आंबेडकर, देश के मजदूर, देश की जनता, देश के किसान किसी ने कुछ नहीं किया।'

'डर को छुपाने के लिए नफरत दिखाते हैं मोदी'

Advertisement

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें ये भी समझ नहीं आता कि जब वे ऐसे बोल रहे हैं तो कांग्रेस को बदनाम नहीं कर रहे बल्कि देश की जनता का अपमान करते हैं। भाजपा के लिए हिंदुस्तान प्रॉडक्ट है हमारे लिए समंदर हैं, इसमें सब लोग हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी डर को छुपाने के लिए नफरत दिखाते हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि ‘डरो मत’! इस देश में किसी को डरने की जरूरत नहीं है। यह देश नफरत का देश नहीं है। यह देश प्यार का देश है नफरत को नफरत नहीं, प्यार ही काट सकता है।' 

'अनिल अंबानी के लिए चोरी की चौकीदार ने'

उन्होंने कहा कि हम मनरेगा शुरु करते हैं, हम किसान की कर्जामाफी की बात करते हैं, 70 हजार करोड़ रुपये कर्जा माफ करते हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और कर्नाटक में किया लेकिन नरेन्द्र मोदी किसान को भाषण देते हैं, उनसे वायदे करते हैं फिर साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये अनिल अंबानी, नीरव मोदी, मेहुल चोकसी, ललित मोदी, विजय माल्या जैसे लोगों का कर्जा माफ करते हैं।

उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है, चौकीदार ने चौकीदारी अनिल अंबानी के लिए की। 15-20 उद्योगपतियों की की, किसानों की, मजदूरों की, छोटे दुकानदारों की नहीं की, उल्टा चौकीदार ने इनसे चोरी करके उनको पैसा दिया है, ये लड़ाई है। हम कहते हैं, देश सबका है और न्याय सबको मिलना चाहिए। किसान को न्याय मिलना चाहिए, गरीबों को न्याय मिलना चाहिए, छोटे दुकानदारों को न्याय मिलना चाहिए, सबको न्याय मिलना चाहिए।

'हम नफरत का जवाब प्यार से देते हैं'

राहुल गांधी ने कहा कि संसद में आपने देखा, एक तरफ नरेंद्र मोदी मेरे परिवार के बारे में, मेरे बारे में उल्टी सीधी बात करते हैं। गाली देते हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी का अपमान करते हैं। वह कहते हैं कि कांग्रेस को मिटा दूंगा और कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष लोकसभा में जाकर उनके गले लगता है। मैं आपको बता रहा हूं कि जब मैं मोदी जी के गले मिला मेरे दिल में उनके लिए नफरत नहीं थी। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा ‘आपने उनका चेहरा देखा होगा। भाई, नफरत को नफरत नहीं काट सकती। नफरत को प्यार ही काट सकता है।' 

'सावरकर ने मांगी 9 बार माफी'

उन्होंने कहा, 'अंग्रेजों ने सेवादल को 1927 में बैन किया। गांधीजी और हमारे नेता सालों जेल में रहे लेकिन किसी ने माफी नहीं मांगी, सिवाय सावरकर के। सावरकर ने एक के बाद एक नौ बार अंग्रेजों से माफी मांगी, डर को नहीं मिटा पाए। गांधीजी ने उस डर को मिटाया।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul Gandhi, address, National, Convention, Seva Dal, Rajasthan
OUTLOOK 14 February, 2019
Advertisement