Advertisement
31 December 2023

राहुल गांधी एक साधारण कांग्रेस सांसद, उन्हें इतना हाईलाइट न करें: दिग्विजय सिंह के भाई

कांग्रेस के पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी एक साधारण पार्टी कार्यकर्ता और सांसद हैं और उन्हें इतना हाईलाइट नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह शनिवार को एमपी के गुना शहर स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

जब पत्रकारों ने दावा किया कि लोकसभा में बयान देते समय कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का चेहरा टीवी पर कम दिखाया जाता है, तो लक्ष्मण सिंह ने कहा, "राहुल गांधी एक सांसद हैं, वह (पार्टी) अध्यक्ष नहीं हैं और एक कांग्रेस कार्यकर्ता हैं। ये राहुल गांधी कुछ भी नहीं हैं।”

उन्होंने कहा, ''आप (मीडिया) लोगों को राहुल गांधी को इतना हाईलाइट नहीं करना चाहिए और न ही हमें करना चाहिए।'' पांच बार सांसद और तीन बार विधायक रह चुके लक्ष्मण सिंह ने कहा, "राहुल गांधी केवल एक सांसद हैं और वह पार्टी के बाकी सांसदों के बराबर हैं।"

Advertisement

उन्होंने कहा, "कोई जन्म से नहीं बल्कि अपने कर्मों से (बड़ा) बनता है। राहुल गांधी को इतना बड़ा नेता मत मानिए। वह एक साधारण सांसद हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप उन्हें हाइलाइट करते हैं या नहीं।" 

रविवार को संपर्क करने पर लक्ष्मण सिंह ने पीटीआई-भाषा से कहा कि राहुल गांधी ने खुद कहा है कि वह पार्टी कार्यकर्ता हैं। सिंह ने अपनी पिछली टिप्पणी के बारे में विस्तार से बताए बिना कहा, "हम सभी पार्टी कार्यकर्ता हैं।"

पिछले महीने मध्य प्रदेश में हुए चुनाव में गुना जिले की चचौरा विधानसभा सीट से बीजेपी की प्रियंका पेंची ने लक्ष्मण सिंह को 61,000 से ज्यादा वोटों से हराया था।

TAGS: Congress, Digvijay Singh, rahul gandhi, member of parliament, MP, india
OUTLOOK 31 December, 2023
Advertisement