Advertisement
29 November 2019

प्रज्ञा पर बोले राहुल गांधी, ‘मैं अपने बयान पर कायम, नहीं मागूंगा माफी’

एक ओर जहां भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के नाथूराम गोड़से को देशभक्त बताए जाने को लेकर सियासत गरम है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रज्ञा ठाकुर को आतंकी कहे जाने को लेकर भी राजनीति जारी है। इस बीच राहुल गांधी ने साफ कर दिया है कि वह साध्वी प्रज्ञा पर दिए गए बयान को वापस नहीं लेंगे। उन्होंने माफी नहीं मांगने की भी बात कही है। दरअसल, लोकसभा में चर्चा के दौरान साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने गोडसे को देशभक्त बताया था। साध्वी के बयान पर राहुल गांधी ने कहा था, 'आतंकी साध्वी प्रज्ञा ने आतंकी गोडसे को देशभक्त बताया।'

राहुल गांधी ने कहा, “मैंने अपनी स्थिति साफ कर दी है। मैं अपने बयान पर कायम हूं और माफी नहीं मागूंगा” प्रज्ञा को 'आतंकवादी' कहे जाने को लेक भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने उनके खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने की मांग की है। इस पर राहुल गांधी ने कहा, "ऐसा करो। तुम जो चाहो करो। मैंने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है।"

उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘गोडसे भी हिंसा का प्रयोग करता था और यह (प्रज्ञा) भी हिंसा का प्रयोग करती हैं।’’ यह पूछे जाने पर क्या वह प्रज्ञा को ‘आतंकवादी’ बताने वाली टिप्पणी पर कायम हैं तो गांधी ने कहा, ‘‘हां। जो मैंने ट्वीट पर लिखा है, उस पर कायम हूं।’’ उन्होंने यह भी कहा, ‘‘ प्रज्ञा ने वही कहा है जिसमें वह विश्वास करती हैं।’’

Advertisement

इससे पहले निशिकांत ने राहुल गांधी के बयान को महात्मा गांधी की हत्या से भी बदतर कृत्य बता दिया। उन्होंने शिवसेना पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता और लालच के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ सरकार बना ली। शिवसेना ने सामना में गोडसे को देशभक्त बताया था।

प्रज्ञा ने राहुल को घेरा

पार्टी और सरकार की ओर से तलब किए जाने के बाद प्रज्ञा सिंह ने माफी मांगी ली है। सदन में प्रज्ञा ठाकुर ने माफी मांगते हुए कहा कि यदि मेरे पूर्व के किसी बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं इसके लिए क्षमा चाहती हूं। इसके साथ ही प्रज्ञा ठाकुर ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सदन के एक सम्मानित नेता ने मुझे आतंकी कहा। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ कोई आरोप साबित नहीं हुआ है, लेकिन इस तरह की बात कहना एक महिला का अपमान है।

राहुल का बयान

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने साध्वी प्रज्ञा के गोडसे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, 'आतंकी प्रज्ञा ने आतंकी गोडसे को देशभक्त कहा है। भारत के संसदीय इतिहास में यह दुखद दिन है।' कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि प्रज्ञा ठाकुर जो बोल रही है वही बीजेपी और आरएसएस की आत्‍मा है। इसके खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई की मांगकर मैं अपना समय गंवाना नहीं चाहता हूं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul Gandhi, upholds, statement, Sadhvi Pragya.
OUTLOOK 29 November, 2019
Advertisement