Advertisement
19 November 2018

मध्य प्रदेश में बोले अमित शाह, मोदी फोबिया से ग्रस्त हैं राहुल गांधी

ANI

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में सोमवार को कहा कि राहुल गांधी ‘नरेन्द्र मोदी फोबिया’ से ग्रस्त हैं। राज्य में 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी रैली में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने चार साल में 129 विकास परियोजनाएं शुरू कीं, (नेहरू-गांधी परिवार की) चार पीढ़ियों ने अपने शासनकाल में क्या किया इसका हिसाब दे।

कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, ‘राहुल को मोदी फोबिया हो गया है। वह अपने भाषणों में मोदी-मोदी करते रहते हैं। राहुल मोदी को हटाना चाहते हैं जबकि हम देश से गरीबी, बेरोजगारी, निरक्षरता हटाना चाहते हैं।‘ शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने हाल ही में अपने 22 मिनट के भाषण में 44 दफा मोदी का नाम लिया। मैं हैरान था कि वह भाजपा के लिये चुनाव प्रचार कर रहे हैं या कांग्रेस के लिए।

सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र

Advertisement

शाह ने जम्मू-कश्मीर के उरी में 2016 में हुए आतंकी हमले के बाद सेना द्वारा सीमा पार की गई सर्जिकल स्ट्राइक के लिये केन्द्र की मोदी सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘उरी में जब आतंकी हमला हुआ था। उसके बाद पूरे देश में आक्रोश था। मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक का आदेश दिया और अपने सैनिकों की हत्या का बदला लेने वाले देश के तौर पर अमेरिका और इजरायल के बाद भारत दुनिया का तीसरा मुल्क हो गया।’’

आर्थिक स्थिति के मामले में देश की रैंकिंग में सुधार’

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पद छोड़ते वक्त वर्ष 2014 में आर्थिक स्थिति के मामले में भारत दुनिया में नौवें स्थान पर था जबकि केन्द्र में भाजपा की सरकार आने के बाद यह स्थिति सुधर कर छठवें स्थान पर पहुंच गयी है और इस चुनाव की समाप्ति तक यूके को पार कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत की होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul Gandhi, Modi phobia, Narendra Modi, bjp president, amit shah
OUTLOOK 19 November, 2018
Advertisement