Advertisement
02 February 2016

पीएम के मनरेगा की प्रशंसा करने पर राहुल ने ली चुटकी

पीएम के मनरेगा की प्रशंसा करने पर राहुल ने ली चुटकी | पीटीआई फाइल फोटो

राहुल ने कहा कि मोदी सरकार ने कभी संप्रग के रोजगार गारंटी योजना को कांग्रेस की विफलता का स्मारक बताया था और अब उसे इस योजना की सफलता की बात स्वीकार करने को मजबूर होना पड़ा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने ट्वीट किया,  मनरेगा को कांग्रेस की विफलता का जीता जागता उदाहरण बताने के बाद अब सरकार इसकी प्रशंसा कर रही है और इसे राष्ट्रीय गर्व एवं उत्सव का विषय बता रही है। यह मोदीजी की राजनीतिक बुद्धिमत्ता का जीता जागता उदाहरण है। राहुल गांधी की यह टिप्पणी पिछले साल बजट सत्र के दौरान पूर्ववर्ती संप्रग सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना पर प्रधानमंत्री की तल्ख टिप्पणी के आलोक में सामने आई है।

 

मोदी ने पिछले साल बजट सत्र के दौरान लोकसभा में कहा था,  क्या आप सोचते हैं कि मैं इस योजना को बंद कर दूंगा। मेरी राजनीतिक बुद्धिमता ऐसा करने की इजाजत नहीं देती। यह गरीबी से निपटने के लिए आपके 60 वर्षों के प्रयासों की विफलता का जीता जागता स्मारक है। हम इसे गाजे बाजे के साथ जारी रखेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल ने भी इस विषय पर प्रधानमंत्री पर चुटकी ली। पटेल ने ट्वीट किया,  मनरेगा ने यह दिखाया है कि सरकार कैसे रोजगार सृजित कर सकती हैं, जब निजी क्षेत्र ऐसा नहीं कर सकते। इसका ऐसा असर है कि जिन लोगों ने इसका मखौल उड़ाया, वे अब इसका उत्सव मनाने आगे आ रहे हैं। मनरेगा स्वतंत्र भारत की सबसे बडी परिवर्तन लाने वाली सरकारी योजना है। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार का यह प्रमुख कार्यक्रम कल्याणकारी राज्य के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।

Advertisement

 

 

TAGS: मनरेगा, पीएम, नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी, सरकार, संप्रग सरकार, महत्वाकांक्षी योजना, राजनीतिक बुद्धिमता, कांग्रेस, भाजपा, कटाक्ष
OUTLOOK 02 February, 2016
Advertisement