Advertisement
14 March 2019

कांग्रेस ने जारी की 21 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट- प्रिया दत्त मुंबई, राजबब्बर मुरादाबाद से लड़ेंगे

FILE PHOTO

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 21 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इसमें उत्तर प्रदेश की 16 और महाराष्ट्र की पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। लिस्ट में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, श्रीप्रकाश जायसवाल तथा मिलिंद देवड़ा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर, पूर्व सांसद प्रिया दत्त, संजय सिंह और किसान कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले के नाम शामिल हैं। 

यूपी में पार्टी ने मुरादाबाद से प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को मैदान में उतारा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल को कानपुर से उतारा गया है। 2014 का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ने वालीं सांसद सावित्री फुले को कांग्रेस ने बहराइच से टिकट दिया है तो गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले संजय सिंह को कांग्रेस ने सुल्तानपुर से मैदान में उतारा है। इस समय वह राज्यसभा सदस्य हैं।

शिंदे सोलापुर से मैदान में

Advertisement

महाराष्ट्र के सोलापुर संसदीय क्षेत्र से पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे चुनाव लड़ेंगे तो अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले को नागपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। नागपुर से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी वर्तमान में सांसद हैं। फिल्म अभिनेता सुनील दत्त की बेटी और पूर्व सांसद प्रिया दत्त को मुंबई उत्तर-मध्य से उम्मीदवार बनाया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा को मुंबई दक्षिण से चुनाव लड़ेंगे तो गढ़चिरौली- चिमूर से नामदेव दल्लूजी उसेंदी को उम्मीदवार बनाया गया है।

इससे पहले कांग्रेस ने 15 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इसमें यूपी के 11 और गुजरात की चार सीटों के लिए नाम शामिल थे। रायबरेली से इस बार जहां एक बार फिर पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी लड़ेंगी तो अमेठी से पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी मैदान में उतरेंगे।

सात चरणों में होने हैं चुनाव

चुनाव आयोग ने 10 मार्च को लोकसभा और चार राज्यों आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम में विधानसभा के चुनाव का कार्यक्रम घोषित दिया है। जिसके तहत सात चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई तक होने वाले मतदान के बाद 23 मई को मतगणना होगी।

पहले चरण के लिये 11 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिये 18 मार्च को अधिसूचना जारी होने के साथ ही चुनाव प्रक्रिया शुरु हो जायेगी। जो कि 23 मई को मतगणना के बाद 27 मई को पूरी होगी। 2014 में 16वीं लोकसभा का चुनाव नौ चरण में कराया गया था।

यहां देखें लिस्ट, कौन कहां से है उम्मीदवार

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Raj Babbar, priya dutt, Shinde, Congress, second, LS, list
OUTLOOK 14 March, 2019
Advertisement