Advertisement
24 December 2018

राजस्थान में 13 कैबिनेट और 10 राज्यमंत्रियों ने ली शपथ, 18 नए चेहरे शामिल

पांच राज्यों में मुख्यमंत्रियों की शपथ के बाद अब मंत्रिमंडल गठन का दौर चल रहा है। सोमवार को राजस्थान में अशोक गहलोत मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण हुआ। इस दौरान 13 कैबिनेट और 10 राज्यमंत्रियों को राजभवन में राज्यपाल कल्याण सिंह ने शपथ दिलाई। इनमें 22 विधायक कांग्रेस के हैं, जबकि राष्ट्रीय लोकदल के एक विधायक को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।

तीन दिन चले मंथन के बाद दिल्ली में राजस्थान का मंत्रिमंडल तय हुआ। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ चर्चा के बाद 23 मंत्री तय किए। राजस्थान में 17 दिसंबर को अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री और सचिन पायलट ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

इनको मिली कैबिनेट में जगह

Advertisement

शांति धारीवाल (कोटा उत्तर), बीडी कल्ला (बीकानेर), परसादी लाल मीणा (लालसोट), सुजानगढ़ से मास्टर भंवरलाल मेघवाल, झोटवाड़ा से लालचंद कटारिया, केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा, अंता से प्रमोद जैन भाया, विश्वेंद्र सिंह (डीग-कुम्हेर), बायतू से हरीश चौधरी, रमेश मीणा (सपोटरा), चित्तौड़गढ़ से उदयलाल आंजना, प्रताप सिंह (सिविल लाइंस) और पोकरण विधायक सालेह मोहम्मद को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।

राज्यमंत्री और स्वतंत्र प्रभार

सिकराय से ममता भूपेश, लक्ष्मणगढ़ (सीकर) विधायक गोविंद सिंह डोटासरा, बांसवाड़ा से अर्जुन बामनिया, कोलायत से भंवर सिंह भाटी, सांचौर से सुखराम विश्नोई, हिंडौली से अशोक चांदना, अलवर ग्रामीण से टीकाराम जूली, वैर से भजनलाल जाटव, कोटपूतली से राजेन्द्र यादव और गठबंधन दल आरएलडी के भरतपुर से विधायक सुभाष गर्ग राज्यमंत्री या स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री होंगे।

ये हैं नए चेहरे

लाल चंद, रघु शर्मा, विश्वेंद्र सिंह, हरीश चौधरी, रमेश मीणा, प्रताप सिंह, उदयलाल आंजना, सालेह मोहम्मद, गोविंद डोटासरा, ममता भूपेश, अर्जुन बामनिया, भंवर सिंह, सुखराम विश्नोई, अशोक चांदना, टीकाराम जूली, भजनलाल, राजेन्द्र यादव, सुभाष गर्ग।

छत्तीसगढ़ में 25 को मंत्रिमंडल गठन

छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल ने 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उनके साथ टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू को मंत्री पद की शपथ दिलाई थी। बघेल राज्य के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ दिल्ली में पार्टी आलाकमान के साथ बैठकें कर मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप देने में लगे हुए थे। अब मंगलवार सुबह 11 बजे रायपुर में करीब दस विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: rajasthan cabinet, ministers, oath ceremony, updates, ashok gehlot, congress
OUTLOOK 24 December, 2018
Advertisement