Advertisement
22 June 2015

एमजे अकबर को राज्‍यसभा भेजेगी भाजपा

outlookindia.com/फाइल फोटो

नई दिल्‍ली। झारखंड से राज्यसभा पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने राष्टीय प्रवक्ता और जाने-माने पत्रकार एमजे अकबर को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने तय किया है कि झारखंड राज्यसभा उपचुनाव में एमजे अकबर पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

गौरतलब है कि कंवर दीप सिंह द्वारा इस्तीफा दिए जाने के कारण यह राज्‍यसभा सीट खाली हुई थी। केडी सिंह इस सीट से इस्‍तीफा देकर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। यह उपचुनाव दो जुलाई को होना है। इसके लिए 22 जून तक नामांकन दाखिल किया जा सकता है।

सोमवार को एमजे अकबर रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में उनके नामांकन की औपचारिकता पूरी की जाएगी। इसके बाद वह नामांकन दाखिल करने विधानसभा जाएंगे। झारखंड विधानसभा में भाजपा के 43 विधायक और आजसू के पांच विधायक हैं। ऐसे में एमजे अकबर की जीत पक्‍की मानी जा रही है। इससे पहले रविवार रात एमजे अकबर ने झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ. रविंद्र राय समेत कई नेताओं से मुलाकात की। वह कल शाम दिल्‍ली से रांची पहुंचे थे। 

Advertisement

देश के जाने-माने संपादकों में शुमार एमजे अकबर वर्ष 1989 में कांग्रेस के टिकट पर बिहार के किशनगंज सीट से लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। लेकिन बाद में उनका कांग्रेस से मोहभंग हुआ और पिछले लोकसभा चुनाव से पहले 2014 में उन्‍होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rajya Sabha, BJP, MJ Akbar, Jharkhand, झारखंड, राज्‍यसभा, एमजे अकबर, उम्‍मीदवार
OUTLOOK 22 June, 2015
Advertisement