Advertisement
05 August 2020

राम मंदिर भूमि पूजन: राहुल गांधी बोले- राम प्रेम हैं, वो कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते

अयोध्या में बुधवार को राम मंदिर निर्माण को लेकर हुए भूमि पूजन के दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि राम प्रेम हैं, वो कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते।

राहुल ने अपने ट्वीट में लिखा, 'मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप हैं। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं। राम प्रेम हैं, वे कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते। राम करुणा हैं, वे कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकते। राम न्याय हैं, वे कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते।' 

इसके पहले मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भूमि पूजन से पहले एक बयान में कहा था कि 'भगवान राम सबमें हैं और सबके हैं और ऐसे में 5 अगस्त को अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए होने जा रहा भूमि पूजन राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बनना चाहिए।'

Advertisement

उन्होंने कहा कि ‘राम साहस हैं, राम संगम हैं, राम संयम हैं, राम सहयोगी हैं। राम सबके हैं, राम सबमें हैं। भगवान राम सबका कल्याण चाहते हैं। इसीलिए वे मर्यादा पुरुषोत्तम हैं.' कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘आगामी 5 अगस्त, 2020 को रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम रखा गया है। भगवान राम की कृपा से यह कार्यक्रम उनके संदेश को प्रसारित करने वाला राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बने। जय सियाराम।'

गौरतलब है कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए बुधवार को भूमि पूजन का कार्यक्रम संपन्न हो गया है। मंदिर की आधारशिला रखने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री ने अयोध्या पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पहले प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा की। इसकेे बाद वो रामजन्मभूमि के लिए निकले। प्रधानमंत्री मोदी 29 सालों बाद अयोध्या गए हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: राम मंदिर भूमि पूजन, अयोध्या, राहुल गांधी, शिलान्यास, Ram Mandir Bhoomi Pujan, Rahul Gandhi, Ayodhya
OUTLOOK 05 August, 2020
Advertisement