Advertisement
05 March 2019

यूपी: सपा-बसपा गठबंधन में शामिल हुआ रालोद, इन तीन सीटों पर लड़ेगा चुनाव

FILE PHOTO

सपा-बसपा गठबंधन में राष्ट्रीय लोक दल (राष्ट्रीय लोकदल) के शामिल होने की औपचारिक घोषणा हो गई है। उत्तर प्रदेश में रालोद मथुरा, बागपत और मुजफ्फरनगर की लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगा।

इसकी घोषणा रालोद के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मंगलवार को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में भाजपा को हराने के लिए सपा, बसपा और कांग्रेस सहित कई पार्टियां गठबंधन में शामिल हो रही हैं। उन्होंने कहा कि देश और संविधान को बचाने के लिए जरूरी है कि सभी पार्टियां एक साथ आएं।

महागठबंधन का हिस्सा है कांग्रेसः अखिलेश

Advertisement

कांग्रेस की तरफ से महागठबंधन का हिस्सा बनने पर कोई टिप्पणी न किए जाने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस हमारे साथ है और महागठबंधन का हिस्सा है। मीडिया बार-बार ये सवाल क्यों कर रही है कि कांग्रेस हमारे साथ है या नहीं। अखिलेश ने कहा कि मैं पहले भी बता चुका हूं कि कांग्रेस महागठबंधन का हिस्सा है और 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के लिए अमेठी और रायबरेली की सीटें छोड़ी गई हैं। 

सभी सीटों पर करेंगे फोकसः जयंत

रालोद नेता जयंत चौधरी ने कहा कि मैंने और अखिलेश यादव ने कई मुद्दों पर बात की। हम मिलकर चुनाव लड़ेंगे और प्रदेश की सभी सीटों पर गठबंधन के प्रत्याशी को जिताने का प्रयास करेंगे। मैं रालोद कार्यकर्ताओं से उम्मीद करता हूं कि वो गठबंधन के चुने हुए प्रत्याशी को जिताने के लिए जुट जाएं। पार्टी कार्यकर्ता सभी सीटों पर फोकस करेंगे। हमे सपा के साथ काम करने में कोई दिक्कत नही है।

सपा-बसपा का हो चुका है गठबंधन

पिछले दिनों सपा-बसपा ने गठबंधन की घोषणा की थी। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में मायावती की बहुजन समाज पार्टी 38 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, समाजवादी पार्टी 37 सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। यूपी की 80 सीटों पर अमेठी और रायबरेली कांग्रेस के लिए छोड़ी गई हैं और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) को तीन सीटें दी गई हैं। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: RLD, join, BSP, SP, alliance, Uttar Pradesh
OUTLOOK 05 March, 2019
Advertisement