Advertisement
08 December 2023

धीरज साहू के ठिकानों से बरामद 300 करोड़ हेमंत सोरेन और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के: बाबूलाल मरांडी

file photo

रांची। झारखंड से कांग्रेस सांसद धीरज साहू के ठिकानों से करोड़ों की बरामदगी पर भाजपा आक्रामक हो गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि आयकर रेड में धीरज साहू के ठिकानों से बरामद करीब तीन सौ करोड़ रूपये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के हैं।

मराडी ने कहा कि ईडी इस जांच को टेकओवर करे साथ ही सांसद धीरज साहू पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी हो। कड़ाई से पूछताछ में बड़ा पर्दाफाश होगा। धीरज साहू और झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन का एलान किया है। 10 दिसंबर को पूरे प्रदेश में पार्टी प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने कहा कि इसके तार छत्तीसगढ़, झारखंड से जुड़े हैं। ये पैसा गरीबों की गाढ़ी कमाई का, शराब घोटाले का है जिसके संकलन कर्ता भी झारखंड के हैं। ये पैसे चुनाव परिणामों  को प्रभावित करने केलिए रखे गए थे ऐसी संभावना है। झारखंड में  ईडी के छापे के बाद रातों रात ओडिशा, बंगाल, बिहार की तरफ एंबुलेंस में ढोकर पैसे ले जाने की बात चर्चा में आई थी। इतने बड़े रकम की बरामदगी के बाद आज भी यह चर्चा हो रही है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि इसके पूर्व भी झारखंड में ईडी की कारवाई में करोड़ों रुपये बरामद हुए हैं। भ्रष्टाचार का आलम यह है कि लूट के पैसे से सोना खरीद कर जमीन में गाड़ दिया गया,छुपाया गया। जांच जैसे जैसे तेज होगी ये सब धीरे धीरे सामने आएगा। सांसद धीरज साहू पर अविलंब एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए और उनसे कड़ाई से पूछताछ हो। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रेस वार्ता के बाद सभी जिलों में सांसद धीरज साहू  की गिरफ्तारी की मांग सहित झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ 10 दिसंबर को विरोध प्रदर्शन का एलान किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 08 December, 2023
Advertisement