Advertisement
08 April 2024

जल बोर्ड घोटाले को लेकर दिल्ली विधानसभा में भाजपा का हंगामा, सदन से बीजेपी विधायकों को किया बाहर

दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) में हुई कथित अनियमितताओं के संबंध में सोमवार को चर्चा की मांग कर रहे भाजपा विधायकों को मार्शल की मदद से दिल्ली विधानसभा से बाहर निकाल दिया गया। सदन की कार्यवाही विधानसभा सदस्यों द्वारा अपने अपने निर्वाचन क्षेत्रों के मुद्दे उठाने के साथ शुरू हुई।

भाजपा विधायक जल बोर्ड में हुई कथित अनियमितताओं पर चर्चा की मांग करने लगे। विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने उनके अनुरोध को खारिज कर दिया और विपक्षी सदस्यों को बैठने के लिए कहा।

जब भाजपा विधायक अपनी मांग पर अड़े रहे तो गोयल ने मार्शलों को उन्हें सदन से बाहर निकालने का निर्देश दिया। सदन से निकाले जाने के बाद भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरना दिया।

Advertisement

भाजपा विधायकों ने अपने प्रदेश अध्यक्ष के साथ विधानसभा परिषद स्थित महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने धरना दिया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने जल बोर्ड में घोटाला किया है। वह इस मामले को दबाने में लगी हुई है। 

वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने विधानसभा परिसर में भाजपा के विधायकों के धरने में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के शामिल होने का खड़ा विरोध किया। उन्होंने इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष को लिखित शिकायत दी है साथ ही उनसे मांग की है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने विधानसभा परिषद का दुरुपयोग किया है। इस मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए। उनको विधानसभा में प्रवेश दिलवाने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

TAGS: BJP, in Delhi Assembly, BJP MLAs, Delhi Jal Board
OUTLOOK 08 April, 2024
Advertisement