Advertisement
12 October 2018

उत्तर भारतीयों पर हमला रूपाणी की साजिश, बर्खास्त की जाए गुजरात सरकार : कांग्रेस

File Photo

गुजरात में उत्तर भारतीय लोगों पर हमले को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की साजिश करार दिया है। कांग्रेस ने कहा है कि राज्य में इन हमलों के बाद कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। राज्य की भाजपा सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।

एक प्रेस कांफ्रेस में पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने गुजरात भाजपा के कुछ नेताओं और विधायकों की कथित फेसबुक पोस्ट तथा ‘भड़काऊ' वीडियो जारी करते हुए यह दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की नाकामियों को छिपाने और गुजरात में युवाओं के आक्रोश से ध्यान भटकाने के लिए उत्तर भारतीय लोगों को निशाना बनाया क्योंकि 2014 की उनकी जीत में उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और गुजरात सरकार विभिन्न मुद्दों पर घिरी हुई हैं और मुख्यमंत्री रूपाणी की साजिश पर उत्तर भारतीयों पर हमले हुए।

भाजपा करती है तोड़ने की राजनीति

Advertisement

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देश को भाषा, धर्म, मजहब के नाम पर तोड़ने की राजनीति केवल भाजपा करती है। लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। गुजरातियों के आक्रोश को नयी दिशा में मोड़ना था, इसलिये भाजपा ने ये साजिश रची। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्पष्ट तरीके से मानती है कि हर हिंदुस्तानी का किसी भी प्रांत में बसने का अधिकार है। जो भी गुजरात से बाहर चले गये हैं उनको वापिस बुलाया जाए। गुजरात के विकास में बाहर से आने वाले लोगों का भी खून पसीना है। सुरक्षा का माहौल बहाल किया जाए। वाईब्रेंट गुजरात के तहत चंद चहेते लोगों को बहुत कुछ मिला। गुजरातियों को काम चाहिए, युवाओं के पास रोजगार नहीं है।

तीन विधायकों पर हो कार्रवाई

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि दो दिन पहले आणंद के वघासी गांव में मध्यप्रदेश  के कुछ परिवार रहते हैं। अमूल प्लांट में मजदूरी का काम करते हैं। वहां मध्य प्रदेश वालों को पीटा जाता है, पैसे छीने जाते हैं। पुलिस जब आरोपियों को पकड़ कर लेजाती है तो भाजपा का विधायक आरोपियों को छुड़वाता है। हिम्मत नगर के विधायक सहित अन्य विधायक रैली निकालते हैं, भाषण देते हैं। उसके बाद उत्तर भारतीयों पर हमले होते हैं। तीन एफआईआर में उनके नाम हैं। भाजपा के तीन विधायकों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।

साजिश से हुई घटना

उन्होंने कहा कि एक घटना घटती है। उसी समय मुख्यमंत्री कहते हैं कि किसी फैक्ट्री में 20 प्रतिशत से ज्यादा गैर-गुजराती होगा तो उसे मैं नहीं चलाऊंगा। छठ का त्यौहार इस बार देर से है। इस साल 24 प्रतिशत से 173 प्रतिशत रेल ट्रैफिक गुजरात से बिहार की ओर बढ़ा है। दूसरी ओर, विजय रुपाणी कहते हैं कि कुछ हुआ ही नहीं है। सच्चे गुजराती को शर्म महसूस हो रही है, मेरा भी सर शर्म से झुक जाता है जब भाजपा की साजिश से इस तरह की घटनाएं घटती हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sack, Rupani, impose, President, Rule, Gujarat, Congress, Centre
OUTLOOK 12 October, 2018
Advertisement