Advertisement
25 May 2016

असम में भाजपा के नवनियुक्त मंत्री पर गंभीर अपराध का मामला

गूगल

नेशनल इलेक्शन वाच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स ने असम विधानसभा चुनाव के लिए नवगठित असम सरकार के मुख्यमंत्री सहित 11 मंत्रियों के हलफनामों का अध्ययन किया। हलफनामों के विश्लेषण में यह पाया गया कि नवनियुक्त मंत्री और ढकुआखाना विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित नब कुमार डोली के विरुद्ध एक आपराधिक केस दर्ज है। केस में कई मामलों के लिए आईपीसी की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। एक मामला झूठे साक्ष्य देने का (आईपीसी की धझारा-191), एक मामला झूठे साक्ष्य से छेड़छाड़ का (आईपीसी की धारा 192) और एक मामला अपने हलफनामे में गलत जानकारी देने (आईपीसी की धारा 193 ) से संबंधित है। इन सभी मामलों में नब कुमार डोली के विरुद्ध भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। हलफनामों के अध्ययन के अनुसार राज्य के नए मंत्रिमंडल के सदस्यों में नब कुमार एकलौते ऐसे मंत्री हैं जिनके विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज है। किसी भी अन्य मंत्री ने अपने हलफनामे में ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है।  

 

इलेक्शन वाच और एडीआर के अध्ययन के अनुसार राज्य के 11 मंत्रियों में 9 करोड़पति हैं। हलफनामों के अनुसार यहां भी सबसे आगे नब कुमार ही हैं। अपने हलफनामे के अनुसार नब कुमार राज्य मंत्रिमंडल के सबसे अमीर सदस्य हैं। हलफनामे में की गई घोषणा के अनुसार नब कुमार 7.30 कोरड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। जबकि राज्य के 11 मंत्रियों की संपत्ति की औसत कीमत 2.67 करोड़ रुपये है। आंकड़ों के अनुसार राज्य के 82% मंत्री करोड़पति हैं। वहीं धोलाइ विधानसभा से निर्वाचित मंत्री परिमल सुक्लबैद्य मंत्रीमंडल में सबसे कम संपत्ति के मालिक हैं। हलफनामे के अनुसार सुक्लबैद्य की कुल संपत्ति की कीमत 37.92 लाख रुपये है।  

Advertisement

 

इलेक्शन वाच और एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार मंत्रीमंडल के 82% यानी 9 सदस्य स्नातक हैं जबकि 2 सदस्यों के पास 12वीं तक की शिक्षा है। मंत्रीमंडल के 11 सदस्यों में केवल एक महिला सदस्य 65 वर्षीय प्रमिला रानी ब्रह्मा हैं जो कि नई सरकार की सबसे अधिक उम्र की मंत्री हैं। सबसे कम उम्र के मंत्री भाजपा के पल्लब लोचन दास हैं जिनकी उम्र 38 साल है। हलफनामों के अनुसार 11 मंत्रियों में से 8 ने अपनी उम्र 51 से 70 वर्ष के बीच घोषित की है। केवल 2 मंत्रियों की उम्र 30 से 50 साल के बीच है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: असम, भाजपा, नवनिर्वाचित सरकार, सर्बानंद सोनोवाल, नबा कुमार डोली, गंभीर आपराधिक मामला, नेशनल इलेक्शन वाच, एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स, एडीआर, चुनाव आयोग, हलफनामा, Assam, BJP, Newly Elected Government, Sarbanand Sonowal, Naba Kumar Doley, Serious criminal case, N
OUTLOOK 25 May, 2016
Advertisement