Advertisement
30 September 2022

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए शशि थरूर ने दाखिल किया नामांकन पत्र, बोले- 50 लोगों ने मेरा समर्थन किया है

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। थरूर ने राजधानी दिल्ली में स्थित पार्टी मुख्यालय में नामांकन पत्र दाखिल किया।

तिरुवनंतपुरम से सांसद ने पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री को उनके कार्यालय में अपना नामांकन पत्र सौंपा।

कांग्रेस सांसद और अध्यक्ष पद उम्मीदवार शशि थरूर ने कहा कि मैंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है, जिसमें 50 लोगों ने मेरा समर्थन किया है। यह आंकड़ा 60 होगा क्योंकि एक और जगह से फॉर्म आ रहा है जिसे हम 3 बजे के पहले दाखिल करेंगे। देश के 12 राज्यों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमारी मदद की है।

Advertisement

 

थरूर ने अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन भरने के बाद कहा कि कांग्रेस को बदलाव की पार्टी बननी चाहिए, हमें पार्टी को मजबूत करने तथा देश को आगे ले जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि चुनाव भारत के युवाओं और देश के भविष्य के बारे में है। थरूर ने कहा कि मेरे पास कांग्रेस के लिए दूरदृष्टि है, 9,000 से अधिक डेलीगेट को दृष्टिपत्र भेजूंगा और उनका समर्थन मांगूंगा।

 

थरूर ने अपना ‘घोषणापत्र’’ जारी करते हुए कहा कि कई राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर मिलने के साथ उनका नामांकन पत्र व्यापक समर्थन दिखाता है। वहीं, थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव से नाम वापस लेने से इनकार करते हुए कहा कि यदि उन्हें बाद में नाम वापस लेना होगा तो वह नामांकन ही क्यों भरते।

 

थरूर ने मल्लिकार्जुन खड़गे से मुकाबले पर कहा कि वह कांग्रेस के भीष्म पितामह हैं, उनका अनादर नहीं। मैं अपने विचारों का प्रतिनिधित्व करूंगा।

इससे पहले थरूर ढोल-नगाड़े की थाप के बीच अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) मुख्यालय पहुंचे। नामांकन दाखिल करने से पहले थरूर ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी दी।

थरूर ने ट्वीट किया, ‘‘भारत के लिए 21वीं सदी की राह बनाने वाले व्यक्तित्व को आज सुबह श्रद्धांजलि दी।’’
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के शब्दों को दोहराते हुए कहा, ‘‘भारत एक पुराना, लेकिन एक युवा राष्ट्र है ... मैं मानवता की सेवा में भारत के मजबूत, स्वतंत्र, आत्मनिर्भर और दुनिया के सभी राष्ट्रों से आगे होने का सपना देखता हूं।’’

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान 17 अक्टूबर को होगा और इसके परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shashi Tharoor, Nomination papers, Congress President Elecction
OUTLOOK 30 September, 2022
Advertisement