Advertisement
27 April 2019

'जिन्ना' वाले बयान पर फंसे शत्रुघ्न सिन्हा, अब बोले- फिसल गई थी मेरी जुबान

File Photo

इन दिनों देशभर में चुनावी माहौल है और इस मौसम में एक बार फिर जिन्ना चर्चा में आ गया है। कांग्रेस को मोहम्मद अली जिन्ना की पार्टी बताने वाले बयान पर मचे सियासी हंगामे के बाद अब शत्रुघ्न सिन्हा ने इसे लेकर शनिवार को अपनी सफाई दी। सिन्हा ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को जो भी कहा था वो स्लिप ऑफ टंग था, मेरी जुबान फिसल गई थी। मैं कहना चाहता था मौलाना आजाद, लेकिन मेरे मुंह से मोहम्मद अली जिन्ना निकल गया।

हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) छोड़कर कांग्रेस में आए शत्रुघ्न सिन्हा ने शुक्रवार को कहा था कि आजादी और विकास में मोहम्मद अली जिन्ना का भी योगदान रहा है। इस दौरान मंच पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मौजूद थे। छिंदवाड़ा से इस बार कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ चुनाव लड़ रहे हैं।

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के सौसर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सिन्हा ने कांग्रेस पार्टी की तारीफ करते हुए जवाहर लाल नेहरू, महात्मा गांधी, सरदार पटेल का जिक्र किया। इसी दौरान उन्होंने जिन्ना की भी तारीफ कर दी थी।

Advertisement

जानें क्या बोले थे शत्रुघ्न सिन्हा

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, कांग्रेस परिवार महात्मा गांधी से लेकर सरदार वल्लभ भाई पटेल तक, मो अली जिन्ना से लेकर जवाहर लाल नेहरू तक, इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी और राहुल गांधी तक की पार्टी है। भारत की आजादी और विकास में इन सभी का योगदान है। इसलिए मैं कांग्रेस पार्टी में आया हूं। और एक बार आ गया हूं तो पहली और शायद आखिरी बार कांग्रेस पार्टी में तो मुड़कर कहीं वापस नहीं जाउंगा।

कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, वरना कोई यूं ही बेवफा नहीं होता

सिन्हा ने भाजपा छोड़ने को लेकर एक बार फिर निशाना साधते हुए अपने चिर परिचित अंदाज में डायलॉग मारते हुए कहा, कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, वरना कोई यूं ही बेवफा नहीं होता। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से बड़ी पार्टी होती है, पार्टी से बड़ा देश होता है, देश से बड़ा कुछ भी नहीं होता है। उन्होंने (मोदी) नोटबंदी के बाद जीएसटी लागू किया तो वहां बिल्कुल नीम के ऊपर करेला था।

जब जिन्ना की तस्वीर को लेकर हंगामा मच गया था

पिछले साल अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर को लेकर हंगामा मच गया था। लोगों की आपत्ति थी कि देश का बंटवारा करवाने वाले जिन्ना की तस्वीर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में क्यों लगी हुई है।

सिन्हा पटना साहिब से कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं

गौरतलब है कि सिन्हा पटना साहिब से कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं और उनके सामने भाजपा ने केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को उतारा है। दोनों ही कायस्थ समाज से आते हैं और इस सीट पर कायस्थ के वोटों की संख्या काफी अधिक है।

यहां देखें पूरा वीडियो- 

 


 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shatrughan Sinha, Congress, Mohd Ali Jinnah, important role, development, freedom of the country, Mahatma Gandhi, Sardar Patel, slip of tongue
OUTLOOK 27 April, 2019
Advertisement