Advertisement
05 June 2018

शत्रुघ्न की PM मोदी को नसीहत, कहा- समस्याओं का कुछ करिए वरना ‘चिड़िया चुग जाएगी खेत’

File Photo

भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा अपनी ही पार्टी के खिलाफ लगातार बयानबाजी करते रहते हैं। उन्होंने एक बार फिर बीजेपी नीतियों को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने मंगलवार को अपने ताजा हमले में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, कश्मीर नीति को लेकर अपनी ही सरकार को घेरा और वादाखिलाफी के आरोप लगाए।

पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ''सांसद होने के नाते वहां के लोग मुझसे पेट्रोल-डीजल के दाम, किसानों की हड़ताल, कश्मीर नीति, जजों के मुद्दे और उपचुनावों में हार पर सवाल पूछ रहे हैं। लेकिन हमारे पर कोई उत्तर नहीं है। क्या 2014 में हमने इन्हीं वादों के साथ सरकार बनाई थी, क्या 2019 में हम यही जवाब देंगे। उन्होंने पीएम मोदी को नसीहत देते हुए कहा, “अगर समस्याओं का जल्द निदान नहीं किया गया तो चिड़िया खेत चुग जाएगी।”

इसके अलावा उन्होंने ने जम्मू-कश्मीर में फैली हिंसा और अशांति को एक राजनीतिक समस्या बताया। उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर में कोई सैन्य समस्या नहीं, बल्कि राजनीतिक समस्या है। हमें संवाद और बातचीत पर जोर देना चाहिए। हम इसे कवर करते हुए हल नहीं कर सकते।

Advertisement

पत्थरबाजी की घटनाओं पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, हम सिर्फ उन्हें पत्थरबाज नहीं बुला सकते। हमें इस पर ध्यान देना होगा कि इस समस्या को हल करने के लिए हमें क्या करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “जम्मू-कश्मीर में इस समय चिंताजनक स्थिति है। पत्थरबाजी और आतंकी घटनाएं रोज बढ़ती जा रही हैं।”

पिछले दिनों आए जोकिहाट उपचुनाव के परिणाम पर भी शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा था कि मेरे एनडीए गठबंधन के प्रिय मित्र, आप बिहार के लिए अच्छे काम करना और प्रदर्शन करना शुरू कर दीजिए वर्ना यहां तेजस्वी यादव के तौर पर 'अर्जुन' कब्जा करने के लिए तैयार बैठे हैं। तेजस्वी यादव की चुनौती बिहार के हर कोने में गूंज रही है...जय बिहार! जय हिंद।

वहीं, कैराना और नूरपुर उपचुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था, 'ये चिंता का विषय नहीं बल्कि चेतावनी है। हमलोग सिर्फ वादे ही करते हैं वादों का कुछ नतीजा नहीं निकलता है।' बीजेपी सांसद ने कहा था कि हर बार आप हर आदमी को बेवकूफ नहीं बना सकते।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: shatrughan sinha, says, PM Sir, problems, need immediate response, Nahi to 'chidiya chug jaegi khet'
OUTLOOK 05 June, 2018
Advertisement