Advertisement
16 November 2017

गुजरात में कांग्रेस मजबूत, मोदी केवल सपने दिखा रहेः पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) गुजरात में कांग्रेस के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। पार्टी प्रमुख शरद पवार का मानना है कि इस बार गुजरात विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में नौ और चौदह दिसंबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे।

पवार ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा,‘‘मोदी लोगों को केवल बड़े सपने दिखा रहे हैं। बुलेट ट्रेन परियोजना अस्तित्व में नहीं आएगी। नोटबंदी और जीएसटी जैसे निर्णयों के कारण अभी तक भाजपा के साथ खड़ा व्यापारी वर्ग उससे दूर होता जा रहा है। उनकी नाराजगी साफ दिख रही है। गुजरात में स्थिति कांग्रेस के पक्ष में है।’’ पवार चार दिनों के लिए विदर्भ क्षेत्र के दौरे पर हैं जिस दौरान वह किसानों से मुलाकात कर उनके मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

वरिष्ठ नेता ने गुजरात में पार्टी के लिए जोर-शोर से प्रचार करने को लेकर हाल में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की प्रशंसा भी की थी। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनावों को देखते हुए विपक्षी दलों के बीच एकता बनाने का प्रयास किया जाएगा। पवार ने कहा,‘‘लोगों का असंतोष आम चुनावों में दिखेगा।’’

Advertisement

राकांपा प्रमुख ने महाराष्ट्र कानून-व्यवस्था की स्थिति संभालने में ‘‘विफल’’ रहने के लिए गृह मंत्रालय की भी आलोचना की जिसके प्रमुख मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस हैं। सांगली पुलिस की हिरासत में डकैती के आरोपी की मौत की तरफ इशारा करते हुए पवार ने कहा,‘‘गृह विभाग का प्रभार जिस व्यक्ति के पास है, वह राज्य में बढ़ते अपराध पर लगाम कसने में विफल है। नागपुर जैसे शहर में हत्याएं हो रही हैं। यहां तक कि पुलिस भी हत्या कर रही है।’’

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: गुजरात, कांग्रेस, मोदी, पवार, Gujarat, Congress, Modi, Pawar
OUTLOOK 16 November, 2017
Advertisement