Advertisement
17 June 2023

'जब स्थिति बिगड़ रही थी, तब प्रधानमंत्री और गृह मंत्री कर्नाटक में व्यस्त थे...' मणिपुर के हालातों पर बोले भूपेश बघेल

मणिपुर के ताजा हालातों को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जब मणिपुर में हालात खराब हो रहे थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर्नाटक विधानसभा चुनावों में व्यस्त थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को रायपुर में मीडिया बंधुओं से बातचीत करते हुए कहा, "जब मणिपुर की स्थिति बद से बदतर हो रही थी, तब प्रधानमंत्री और गृह मंत्री कर्नाटक चुनावों में व्यस्त थे। गृह मंत्री ने मणिपुर का चार दिवसीय दौरा किया लेकिन वहां की स्थिति नहीं सुधरी, जबकि हिंसा की घटनाएं और बढ़ गई। प्रदेश और जलने लगा।"

हिंसा का ठीकरा भाजपा पर फोड़ते हुए भूपेश बघेल ने कहा, "यदि वे (भाजपा का नाम लिए बिना) आतंकी संगठनों के साथ गठबंधन में हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई कौन करेगा।" भाजपा के केंद्रीय नेताओं के छत्तीसगढ़ दौरे पर बघेल ने कहा कि प्रदेश के भाजपा नेताओं ने हथियार डाल दिए हैं और वे कहीं का दौरा नहीं करते। दौरा करते भी हैं तो लोग नहीं आते।

Advertisement

उन्होंने कहा, "पार्टी के कार्यकर्ता भी उनके साथ नहीं आए और यही कारण है कि ओम माथुर के साथ-साथ केंद्रीय नेतृत्व ने भी (लोगों को) भड़काने की कोशिश की, लेकिन छत्तीसगढ़ में नाकाम रहे।" शराब बैन पर मुख्यमंत्री ने कहा, "शराब भी लत का एक हिस्सा है और सूखे नशे ज्यादा खतरनाक है। इसलिए एक अभियान चलाने की जरूरत है ताकि शराबबंदी के लिए माहौल बनाया जा सके।"

उन्होंने नेहरू मेमोरियल म्यूजियम और लाइब्रेरी का नाम बदलने के लिए भाजपा सरकार पर हमला किया और कहा कि क्यों उन्होंने एक नया संस्थान नहीं खोला। बघेल ने कहा, "उन्हें (भाजपा को) नेहरू-गांधी परिवार से समस्या है। उन्होंने राहुल गांधी का संसदीय पद छीन लिया, उनका बंगला छीन लिया और उनके खिलाफ विरोध शुरू कर दिया जब उन्होंने अमेरिका में बतौर एक आम आदमी बात की।"

बघेल ने आने वाले चुनावों पर तीसरे मोर्चे के असर को खारिज करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड ऐसे राज्य हैं जहां सीधी लड़ाई दो दलों (भाजपा और कांग्रेस) के बीच है। जोगी कांग्रेस, बसपा और सभी ने पिछली बार छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ा था लेकिन सिर्फ पांच सीटों पर ही जीत हासिल कर पाए थे।

TAGS: Situation in Manipur, deteriorating, Bhupesh Baghel, Centre
OUTLOOK 17 June, 2023
Advertisement