Advertisement
12 July 2021

सोनिया गांधी ने 14 जुलाई को बुलाई बैठक, लोकसभा के नेता पद में हो सकता है बदलाव

FILE PHOTO

संसद के मानसून सत्र की रणनीति बनाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 14 जुलाई की कांग्रेस पार्लियामेंट कमेटी की बैठक बुलाई है। इस बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी। इस दौरान कांग्रेस के सभी सांसद मौजूद होंगे और इसे वर्चुअल रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में लोकसभा दल में अहम बदलावों पर भी विचार किया जा सकता है।

बैठक में ही लोकसभा में नेतृत्व परिवर्तन के बारे में भी अंतिम निर्णय लिया जाएगा। माना जा रहा है कि कांग्रेस में अब ‘वन मैन वन पोस्ट’ फॉर्मूले के साथ ही लोकसभास टीम में अन्य बदलाव होंगे। लोकसभा में कांग्रेस दल के नेता अधीर रंजन चौधरी को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। उनके बदले जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक के सुरेश भी केरल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जा चुके हैं। मुख्य सचेतक का भी नया चेहरा सामने आ सकता है।

सूत्रों के मुताबिक लोकसभा में नेता के तौर पर मनीष तिवारी और शशि थरूर के नाम को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। दोनों नेताओं का असंतुष्ट समूह 'जी23' का हिस्सा होना उनके खिलाफ जा सकता है। हालांकि हाल ही में पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला इस तरह के बदलाव की संभावना को खारिज कर चुके हैं। मालूम हो कि कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव पहले ही कोरोना वायरस संक्रमण के चलते टल चुका है, लेकिन अब माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर भी जल्द ही चुनाव संभव है।

Advertisement

संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू हो रहा है. संसद में मोदी सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा होसकती है। कांग्रेस बढ़ती मंहगाई, कोरोना की दूसरी लहर और कोरोना रोधी टीकाकरण की सुस्त रफ्तार, किसान आंदोलन आदि मुद्दे जोर शोर से उठाने की तैयारी कर रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sonia Gandhi, meeting, leader, Lok Sabha, strategy, government, congress
OUTLOOK 12 July, 2021
Advertisement