Advertisement
20 December 2019

नागरिकता कानून पर बोलीं सोनिया गांधी, लोगों की आवाज दबा रही है सरकार

ANI

देशभर में हो रहे प्रदर्शनों के बीच नागरिकता संशोधन कानून पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वीडियो संदेश जारी कर सरकार पर लोगों की आवाज को दबाने का आरोप लगाया है। उन्होंने  कहा कि लोकतंत्र में लोगों को सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार है, लेकिन सरकार इसकी अनदेखी कर रही है और जबरन निर्दयता से इसे दबा रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'भाजपा सरकार देशभर में छात्रों और जनता के प्रदर्शनों को जिस तरह दबा रही है उसे लेकर कांग्रेस चिंतित है। देशभर के विश्वविद्यालयों, आईआईटी, आईआईएम और दूसरे मुख्यधारा के शिक्षा संस्थानों में छात्र भाजपा की विभाजनकारी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लोकतंत्र में लोगों को गलत फैसलों के खिलाफ आवाज उठाने और चिंता जाहिर करने का हक है। सरकार की  यह जिम्मेदारी है कि वह लोगों की सुने और उनकी परेशानियों को दूर करे।

कांग्रेस ने की निंदा

Advertisement

उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा सरकार की कार्रवाई की निंदा करती है और छात्रों और नागरिकों के संघर्ष में उनके साथ है। संदेश में उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून भेदभावपूर्ण है। नोटबंदी की तरह एक बार फिर एक-एक व्यक्ति को अपनी और अपने पूर्वजों की नागरिकता साबित करने के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ेगा।

देशभर में जारी है विरोध

संशोधित नागरिकता कानून को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन बीते कई दिनों से जारी हैं। दिल्ली के दरियागंज इलाके में शुक्रवार को नये नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान एक कार को आग के हवाले कर दिया गया। इससे पहले कानून के खिलाफ गुरुवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, अहमदाबाद, मुंबई समेत कई शहरों में प्रदर्शन हुए थे। लखनऊ में हिंसक प्रदर्शन हुए और आगजनी भी कई गई, जिसमें एक की मौत हो गई। वहीं कर्नाटक में भी प्रदर्शन के दौरान दो की मौत हो गई थी। यूपी में शुक्रवार को पांच लोगों की मौत हो गई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sonia Gandhi, citizenship, law, government, suppressing, people, voice
OUTLOOK 20 December, 2019
Advertisement