Advertisement
23 July 2023

स्टालिन ने मणिपुरी खिलाड़ियों को ट्रेनिंग के लिए किया आमंत्रित, भाजपा ने की आलोचना

तमिलनाडु मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार को हिंसा से पीड़ित राज्य मणिपुर के खिलाड़ियों को अपने राज्य में ट्रेनिंग सुविधाएं प्रदान करने के लिए आमंत्रित किया और उनके बेटे व खेल मंत्री उदयनिधि ने इस संबंध में उन्हें सभी सुविधाएं देने का आश्वासन दिया। लेकिन अब भाजपा ने इस कदम पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सीएम राजनेता की तरह बर्ताव कर रहे हैं।

स्टालिन के निमंत्रण पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए, भाजपा राज्य इकाई प्रमुख के अन्नामलाई ने कहा कि वह (सीएम स्टालिन) नींद से जागे हैं और "एक राजनेता की तरह व्यवहार कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, " केंद्र, जिसने खेलो इंडिया गेम्स लॉन्च किया था, यह भी जानता है कि टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों को कैसे प्रशिक्षित किया जाए।"

एक बयान में, स्टालिन ने कहा कि मणिपुर की स्थिति वहां के खिलाड़ियों के लिए खेलो इंडिया और एशियाई खेलों जैसे आयोजनों के लिए प्रशिक्षण के लिए अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा, "मैंने युवा कल्याण और खेल विकास मंत्री उदयनिधि स्टालिन को तमिलनाडु में मणिपुर के खिलाड़ियों के लिए व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।"

बता दें कि तमिलनाडु खेलो इंडिया गेम्स के 2024 संस्करण की मेजबानी करेगा। उन्होंने आगे कहा, "मणिपुर से प्रतिभाशाली खिलाड़ी आते हैं। तमिलनाडु, मणिपुर के ताजा हालातों से चिंतित है। मणिपुर ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार किए हैं, विशेषकर महिला खिलाड़ी। तमिलनाडु अगले साल खेलो इंडिया गेम्स 2024 की मेजबानी करने वाला है। इसके लिए काम शुरू हो चुका है।"

लाभ लेने के इच्छुक मणिपुर के लोग +91-8925903047 पर संपर्क कर सकते हैं या आईडी प्रमाण और प्रशिक्षण आवश्यकताओं सहित विवरण Sportstn2023@gmail.com पर ईमेल कर सकते हैं। इस बीच, सीएम की आलोचना करते हुए, अन्नामलाई ने आरोप लगाया कि सीएम "नींद से जाग गए हैं" और "उन्हें पता नहीं है कि मणिपुर में क्या हो रहा है।"

पुथुकोट्टई के वेंगइवायल में दलित निवासियों के लिए पानी की टंकी में मानव मल पाए जाने की घटना का जिक्र करते हुए, अन्नामलाई ने कहा कि घटना को 200 दिन से अधिक बीत चुके हैं लेकिन अपराधियों के संबंध में कोई सफलता नहीं मिली है। इस घटना को पीड़ितों के साथ "अन्याय" बताते हुए, अन्नामलाई ने कहा कि मणिपुर सरकार ने मामले पर कार्रवाई की है और मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने मृत्युदंड सुनिश्चित करने के प्रयासों का वादा किया है।

उन्होंने कहा कि मणिपुर लंबे समय से समस्याओं का सामना कर रहा था और वहां ''2014 के बाद ही शांति'' थी, जब भाजपा केंद्र में सत्ता में आई। मुख्यमंत्री (स्टालिन) जो कर रहे हैं वह न केवल हास्यास्पद और अजीब है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि वह एक पूर्णकालिक राजनेता हैं। हमने (भाजपा के नेतृत्व वाले केंद्र ने) खेलो इंडिया शुरू किया है, हम जानते हैं कि प्रशिक्षण कैसे देना है।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: MK Stalin, invites, Manipuri sportspersons, training, TN, BJP, "politician"
OUTLOOK 23 July, 2023
Advertisement