Advertisement
13 September 2019

सोनिया गांधी का दूसरे दिन भी मंथन जारी, पार्टी के मुख्यमंत्रियों के साथ आज करेंगी बैठक

File Photo

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष बनने के बाद सोनिया गांधी का दोबारा पार्टी को खड़ा करने के लिए लगातार मंथन जारी हैं। कांग्रेस नेताओं के साथ सोनिया एक के बाद एक बैठकें कर रही हैं। आगामी तीन राज्यों के चुनाव की रणनीति के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ गुरुवार को बैठक के बाद अब शुक्रवार को कांग्रेस-शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगी। सोनिया गांधी ये बैठक शाम पांच बजे अपने आवास 10 जनपथ पर करेंगी।

बैठक में ये होंगे शामिल  

सोनिया गांधी के आवास पर होने वाली बैठक में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी शामिल होंगे। माना जा रहा है इस बैठक में सोनिया गांधी राज्य सरकारों के कामकाज पर रिपोर्ट लेने के साथ-साथ राज्यों के घोषणा पत्र में किए गए वादे पर रिपोर्ट कार्ड मांगेंगी।

Advertisement

चर्चा में कांग्रेसशासित राज्यों के नेताओं का आपसी टकराव

दरअसल, सोनिया गांधी ने ऐसे वक्त में मुख्यमंत्रियों की यह बैठक बुलाई है जब मध्य प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में कांग्रेस नेताओं के बीच आपसी टकराव के चर्चे जारी हैं। मध्य प्रदेश में कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया के धड़ों के बीच प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान चल रही है, तो राजस्थान में मुख्यमंत्री गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच सबकुछ ठीक नहीं होने की बात लंबे समय से कही जा रही हैं। वहीं, पंजाब में अमरिंदर और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच भी टकराव रहा है। इसी के चलते सिद्धू ने कैप्टन सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा तक दे दिया था।

इन मुद्दों पर हो सकती है बातचीत

माना जा रहा है कि इस बैठक में सोनिया कांग्रेसशासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से शासन व्यवस्था और पार्टी संगठन को लेकर बातचीत कर सकती हैं। हालांकि सोनिया ने गुरुवार को पार्टी महासचिवों-प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में दो टूक कहा कि पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी में कांग्रेस की सरकारों को संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी शासन की मिसाल पेश करनी होगी।

इसके अलावा सोनिया गांधी ने यह भी कहा था कि कांग्रेसशासित राज्यों की सरकारों को अपने घोषणापत्र में किए वादों को पूरा करना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम जनता का विश्वास खो देंगे और नतीजे हमारे विपरीत हो सकते हैं।

सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जारी किया संदेश

गुरुवार को हुई मीटिंग में सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एक संदेश जारी करते हुए कहा था कि लोगों से फेस-टू-फेस मिलें केवल सोशल मीडिया पर ही एक्टिव रहना पर्याप्त नहीं है। पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरें लोगों से मिलें। कांग्रेस महासचिवों, राज्य प्रभारियों की बैठक में सोनिया ने कहा कि केवल सोशल मीडिया पर एक्टिव और एग्रेसिव रहना ही काफी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह बेहद जरूरी है कि आप सीधे लोगों के पास तक जाएं और उनकी समस्याओं के लिए लड़ाई लड़ें। हालांकि, अभी भी पार्टी को सोशल मीडिया पर और बेहतर काम करने की जरूरत है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: churning, Sonia Gandhi, continues, hold a meeting, with Congress-ruled Chief Ministers, today
OUTLOOK 13 September, 2019
Advertisement