Advertisement
03 August 2025

अदालत का फैसला ‘भगवा आतंकवाद’ कहने वालों के मुंह पर तमाचा: साध्वी प्रज्ञा

अदालत का फैसला ‘भगवा आतंकवाद’ कहने वालों के मुंह पर तमाचा: साध्वी प्रज्ञा

मालेगांव बम विस्फोट मामले में बरी की गईं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने रविवार को कहा कि अदालत का फैसला हिन्दुत्व की जीत और ‘भगवा आतंकवाद’ कहने वालों के मुंह पर करारा तमाचा है।

अदालत के फैसले के बाद पहली बार भोपाल पहुंचीं ठाकुर ने राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘यह हिन्दुत्व और धर्म की विजय है, भगवा की विजय है। हमारे शास्त्रों में कहा गया है सत्यमेव जयते, यह सिद्ध हुआ है। भगवा आतंकवाद कहने वालों के मुंह काले हुए हैं।’’

बता दें कि 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में साध्वी प्रज्ञा को मुख्य आरोपी बनाया था। एनआईए कोर्ट ने सबूतों के अभाव में साध्वी समेत सभी 7 आरोपियों को बरी कर दिया था।

Advertisement

साध्वी प्रज्ञा सिंह ने कहा कि अदालत का फैसला उन लोगों के मुंह पर तमाचा है, जिन्होंने इसे ‘भगवा आतंकवाद’ कहा था। उन्होंने इसे पहले भी ‘भगवा आतंकवाद’ और ‘हिंदू आतंकवाद’ कहा है। वे एक ही श्रेणी के लोग हैं। वे सभी कांग्रेस के सदस्य हैं। कहा कि सत्य की जीत हुई है। धर्म और सत्य हमारे पक्ष में थे, इसलिए हमारी जीत तय थी। सत्यमेव जयते! साध्वी प्रज्ञा सिंह ने कहा कि मैंने यह पहले भी कहा था और अब यह सिद्ध हो गया है। विरोधियों के, विरोधियों के मुंह काले हुए हैं। उन्हें जवाब मिल गया है। देश हमेशा धर्म और सत्य के साथ रहा है और हमेशा रहेगा।

मालेगांव विस्फोट मामले में सभी आरोपी बरी हो गए हैं। बरी होने के बाद साध्वी से पूछा गया कि क्या पीएम मोदी, योगी जैसे बड़े नेताओं का नाम लेने के दबाव था? इसपर साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि हां, मुझे मजबूर किया गया था। लेकिन मैं दबाव में नहीं झुकी और किसी का नाम नहीं लिया, किसी को झूठा नहीं फंसाया। इसलिए, मुझे बहुत टॉर्चर भी किया गया। 
TAGS: court's decision, 'saffron terrorism', Sadhvi Pragya
OUTLOOK 03 August, 2025
Advertisement