Advertisement
09 June 2025

पिछले 11 साल देश के लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था और सामाजिक तानेबाने पर हमला: खड़गे का आरोप

कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने पिछले 11 साल में देश के लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने को गहरा आघात पहुंचाया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि सरकार ने इन 11 सालों में संविधान के हर पन्ने पर सिर्फ तानाशाही की स्याही पोती है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा-आरएसएस ने हर संवैधानिक संस्था को कमजोर किया है और उनकी स्वायत्तता पर हमला किया है।’’

खड़गे ने कहा कि चाहे जनमत के खिलाफ जाकर पिछले दरवाजे से सरकारें गिराना हो या जबरन एक दलीय तानाशाही लागू करना हो, इस दौरान राज्यों के अधिकारों की अनदेखी की गई है और संघीय ढांचा कमजोर हुआ है।

Advertisement

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लगातार ‘घृणा, धमकी और भय’ का माहौल फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और कमजोर वर्गों का शोषण लगातार बढ़ा है। उन्हें आरक्षण और समान अधिकारों से वंचित करने की साजिश जारी है। मणिपुर में लगातार हो रही हिंसा भाजपा की प्रशासनिक विफलता का सबसे बड़ा सबूत है।’’

कांग्रेस प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा-आरएसएस ने देश की जीडीपी वृद्धि दर को 5-6 प्रतिशत पर बनाए रखने की आदत बना ली है, जो संप्रग के दौरान औसतन 8 प्रतिशत होती थी। उन्होंने कहा, ‘‘सालाना 2 करोड़ नौकरियों के वादे को पूरा करने के बजाय युवाओं से करोड़ों नौकरियां छीन ली गईं। मुद्रास्फीति के कारण सार्वजनिक बचत 50 वर्षों में सबसे कम हो गई है और आर्थिक असमानता 100 वर्षों में सबसे अधिक हो गई है।’’

खड़गे ने दावा किया कि नोटबंदी, गलत जीएसटी, बिना योजना के लॉकडाउन लगाना और असंगठित क्षेत्र पर प्रहार ने करोड़ों लोगों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया, डिजिटल इंडिया, नमामि गंगे और 100 स्मार्ट सिटी जैसे कार्यक्रम विफल हो गए हैं।

खड़गे ने कहा, ‘‘रेलवे बर्बाद हो गया है। कांग्रेस-संप्रग द्वारा कड़ी मेहनत से बनाए गए बुनियादी ढांचे के केवल रिबन काटे गए हैं। मोदी सरकार ने संविधान के हर पन्ने पर तानाशाही की स्याही पोतने में पिछले 11 साल बर्बाद कर दिए हैं।’’

भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों के शासन की सराहना की और कहा कि उनके शासन के इस कालखंड को स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।

मोदी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार के दौरान भारत न केवल सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है, बल्कि जलवायु कार्रवाई और डिजिटल नवाचार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक प्रमुख वैश्विक आवाज भी बन गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: last 11 years, country's democracy, economy and social fabric, Mallikarjun Kharge's allegation
OUTLOOK 09 June, 2025
Advertisement