Advertisement
10 May 2018

कर्नाटक में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन, कांग्रेस-भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत, 7 अहम बातें

कर्नाटक में चुनाव प्रचार का आज (गुरुवार) आखिरी दिन है। भाजपा, कांग्रेस और जेडीएस के दिग्गज नेता ताबड़तोड़ प्रचार करेंगे। कांग्रेस और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी कर्नाटक में एड़ी-चोटी एक किए हुए हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो ऐप के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के पास एक दूसरे पर प्रहार करने का यह आखिरी मौका होगा। क्योंकि इसके बाद फिर वे न तो अपनी उपलब्धियां गिना पाएंगे और न दूसरी पार्टियों की कमियां। लिहाजा आज रोड शो के साथ-साथ दोनों पार्टियों के कई प्रेस कॉन्फ्रेंस होंगे।

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो ऐप के जरिए एसटी/एससी/ओबीसी और स्लम मोर्चा के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री इससे पहले भी नमो ऐप के जरिए किसान कार्यकर्ता, महिला कार्यकर्ता और भाजपा प्रत्याशियों के साथ संवाद कर चुके हैं।

- भाजपा अध्यक्ष अमित शाह मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा के साथ बदामी में चुनाव प्रचार करेंगे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया बदामी से ही विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

Advertisement

-आखिरी दिन न सिर्फ राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मैदान में होंगे, बल्कि केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, अनंत कुमार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित 23 भाजपा नेता प्रचार की बागडोर संभालेंगे।

- कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ बेंगलुरू में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। राहुल पिछले कुछ दिनों से कर्नाटक में ही डेरा डाले हुए हैं और लगातार पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं।

- बता दें कि कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटों में से 223 सीटों पर 12 मई को चुनाव होंगे। एक सीट पर वोटिंग इसलिए नहीं होगी क्योंकि बेंगलुरू की जयनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार बीएन विजयकुमार के निधऩ की वजह से इस सीट पर चुनाव टाल दिया गया है।

- पिछले दिनों आए कई ओपिनियन पोल ने त्रिशंकु विधानसभा होने की संभावना व्यक्त की है। हालांकि ओपिनियन पोल में कांग्रेस बड़ी पार्टी बनकर सामने आ रही है लेकिन बहुमत नहीं मिलने की वजह से देवेगौड़ा की पार्टी जेडीएस किंगमेकर की भूमिका में दिखाई दे रही है।

-कर्नाटक में 12 मई को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा, परिणाम 15 मई को आएंगे। इस चुनाव में कांग्रेस की ओर से जहां मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया सीएम उम्मीदवार हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर से बीएस येदियुरप्पा मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी हैं।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: The last day of campaigning, Karnataka, Congress, BJP, full force, 7 important points
OUTLOOK 10 May, 2018
Advertisement