Advertisement
07 January 2018

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने त्रिपुरा में कहा, हिंसा के कीचड़ में कमल खिलेगा

ANI

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि वाम दल शासित त्रिपुरा में शासन में बदलाव अपरिहार्य हो गया है क्योंकि राज्य की मौजूदा सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराध और बेरोजगारी से लड़ने सहित कई मोर्चों पर नाकाम रही है।

उन्होंने कहा, 'मैं माणिक सरकार को बताना चाहता हूं कि भाजपा हिंसा से डरने वाली नहीं है। आप जितना हिंसा का कीचड़ फैलाओगे, कमल का फूल उतना ही अच्छा खिलेगा।'

इस चुनावी राज्य में यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस या कम्युनिस्टों के शासन वाले राज्यों में विकास का अभाव और भ्रष्टाचार के उदाहरण देखें हैं।

Advertisement

उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में गुणात्मक बदलाव लाने को लेकर शासन में बदलाव चाहती है ताकि लोगों के जीवन में सुधार हो सके।

भाजपा अध्यक्ष त्रिपुरा के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां विधानसभा चुनाव होने हैं क्योंकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल छह मार्च को खत्म होने वाला है।

उन्होंने यहां कहा, ‘‘मैं महसूस कर सकता हूं कि राज्य में बदलाव अपरिहार्य हो गया है। महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर बहुत अधिक है, कानून का शासन नहीं है। अपराध माकपा शासन का पर्याय बन गया है। ’’ शाह ने दावा किया कि त्रिपुरा जैसे छोटे से राज्य में सात लाख युवा बेरोजगार हैं, जहां की आबादी 36 लाख से कुछ ही ज्यादा है।

उन्होंने कहा कि माकपा के लोग कहते हैं कि माणिक बाबू ( त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार) अच्छे व्यक्ति हैं, यदि वह अच्छे व्यक्ति हैं तो राज्य के लोगों की स्थिति अच्छी क्यों नहीं है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: amit shah, tripura, manik sarkar, lotus, bjp, communist party
OUTLOOK 07 January, 2018
Advertisement