Advertisement
15 August 2019

भारत जैसे देश में कट्टरता और सांप्रदायिकता के लिए कोई जगह नहीं: सोनिया गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को कहा कि भारत में कट्टरता और सांप्रदायिकता के लिए कोई जगह नहीं है। साथ ही उन्होंने राष्ट्र से अन्याय, असहिष्णुता और भेदभाव के हर कार्य के खिलाफ खड़े होने को कहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 73वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशवासियों को बधाई दी और कहा कि अन्याय, असहिष्णुता और भेदभाव के खिलाफ सभी को खड़ा होना होगा। सोनिया ने एक बयान जारी कर सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘ भारत सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ा है। इसके मूल में ‘सत्य, अहिंसा, करुणा और देशभक्ति’ के सिद्धांत हैं।’’

सोनिया ने कहा, ‘‘भारत जैसे देश में कट्टरता, अंधविश्वास, संप्रदायवाद, अतिवाद, नस्लवाद, असहिष्णुता या अन्याय के लिए कोई जगह नहीं है। हमें अन्याय, असहिष्णुता और भेदभाव के हर कृत्य के खिलाफ एक राष्ट्र के रूप में खड़ा होना होगा ताकि सही मायनों में हम आजादी को संजोए रख सकें।’’

Advertisement

 उन्होंने कहा, ‘‘ हर व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि वह आजादी, भाईचारे, शांति और समानता के मूल्यों को सुरक्षित रखे।’’  देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले जवानों की शहादत को याद करते हुए सोनिया ने कहा कि हमें अपने सशस्त्र बलों के सर्वोच्च बलिदान को नहीं भूलना चाहिए।

उन्होंने राष्ट्र निर्माण में किसानों, मजदूरों, कलाकारों, शिक्षकों, लेखकों, विचारकों के योगदान को भी याद किया। सोनिया ने कहा कि आधुनिक, समतामूलक, न्यायपूर्ण और भेदभावविहीन समाज का निर्माण वैज्ञानिक सोच के आधार पर करना युवाओं के हाथ में है।

हाल ही में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त हुईं सोनिया ने सुबह कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर झंडा फहराया। ध्वजारोहण के बाद सोनिया ने बच्चों को मिठाइयां बांटीं। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, एके एंटनी, मोतीलाल वोरा, कपिल सिब्बल तथा कई अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: 73rd Independence Day, Sonia Gandhi
OUTLOOK 15 August, 2019
Advertisement